PM Modi Mann Ki Baat 140th Episode Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार, 29 नवंबर को रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 140वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से संवाद करेंगे. कार्यक्रम सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर प्रसारित होगा. इस बार लोगों की नजरें इस बात पर रहेंगी कि पीएम मोदी किन मुद्दों को अपने संबोधन में जगह देते हैं. जनगणना की शुरुआत, सर्दियों में सेहत का ख्याल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषय चर्चा में रहने की संभावना है.
देश में जनगणना की शुरुआत को लेकर भी इस बार पीएम मोदी के संबोधन पर सबकी नजरें रहेंगी. माना जा रहा है कि वह जनगणना के महत्व और इससे जुड़ी तैयारियों पर अपनी बात रख सकते हैं. हालांकि, कार्यक्रम में किन विषयों को शामिल किया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी पहले से साझा नहीं की गई है.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI भी चर्चा का अहम विषय बन सकता है. हाल ही में आईटीआई के विद्यार्थियों के दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी ने युवाओं से कहा था कि अगर उनके पास कौशल है तो कोई AI उनका रोजगार नहीं छीन सकता. ऐसे में मन की बात में भी वह तकनीक के दौर में युवाओं के लिए नए अवसरों और कौशल विकास पर बात कर सकते हैं.
नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड का असर बढ़ने लगा है. ऐसे में सर्दियों के दौरान स्वास्थ्य और रोजमर्रा की देखभाल से जुड़ी बातें भी कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं. खासकर बदलते मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए क्या सावधानियां बरतनी चाहिए, इस पर पीएम मोदी अपने विचार रख सकते हैं.
नवंबर में हुए आसियान शिखर सम्मेलन से जुड़े मुद्दों पर भी प्रधानमंत्री अपने विचार रख सकते हैं. इससे पहले के संबोधनों में वह देश की उपलब्धियों, अंतरराष्ट्रीय संबंधों और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर बात करते रहे हैं. इस बार भी उनके संबोधन में देश और दुनिया से जुड़े अहम मुद्दों की झलक देखने को मिल सकती है.
मन की बात के 139वें एपिसोड में पीएम मोदी ने भारतीय स्थानीय उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग का जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि पूर्णिया का मखाना ग्रीस और कर्नाटक की अरहर दाल मालदीव तक पहुंच रही है. वहीं, 137वें एपिसोड में उन्होंने युवाओं से नशामुक्त भारत अभियान को बढ़ावा देने की अपील की थी.