मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने महिला आरक्षण और परिसीमन को एक साथ जोड़ने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने और लोकसभा सीटों के परिसीमन की प्रक्रिया को अलग-अलग रखा जाना चाहिए. उन्होंने आशंका जताई कि महिला आरक्षण को आगे रखकर परिसीमन का मुद्दा लाया जा रहा है.
जावेद अख्तर शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे. यहां महात्मा फुले समता परिषद की ओर से उन्हें 'महात्मा फुले समता पुरस्कार 2026' से सम्मानित किया गया. इसी दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपनी राय रखी.
जावेद अख्तर ने कहा कि महिला आरक्षण को परिसीमन के साथ जोड़ने की जरूरत नहीं थी. उन्होंने इसकी तुलना युद्ध के दौरान महिलाओं और बच्चों को आगे खड़ा करने से की, ताकि कोई गोली न चलाए और पीछे से दूसरा मुद्दा आगे बढ़ाया जा सके.
उन्होंने कहा कि अगर सरकार की मंशा सही है तो महिला आरक्षण के प्रस्ताव को परिसीमन से अलग कर देना चाहिए, क्योंकि महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक पहले ही पारित हो चुका है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष की कई बड़ी पार्टियां महिला आरक्षण के लिए अलग से विधेयक पारित कराने को तैयार थीं.
#WATCH | Pune, Maharashtra: On the Delimitation Bill, Lyricist Javed Akhtar says, "...First, the final plan has not yet been revealed—how it will be executed, whether new constituencies will be created, what criteria will be considered, and how the country will be divided into various constituencies. Second, I find it somewhat strange that regions that did not prioritize family planning are being granted more seats, while those that followed family planning are being allocated fewer seats... How does this create any balance? We will examine the details once they are released... We will also observe which members of the opposition, beyond our own government, come forward to endorse or reject this..."
— ANI (@ANI) November 28, 2026
जावेद अख्तर ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नए निर्वाचन क्षेत्र किस आधार पर बनाए जाएंगे और इसके लिए कौन से नियम अपनाए जाएंगे. जब तक परिसीमन की पूरी प्रक्रिया और उसका आधार सामने नहीं आता, तब तक इस पर स्पष्ट राय बनाना मुश्किल है.
उन्होंने यह आशंका भी जताई कि जिन राज्यों ने परिवार नियोजन के नियमों का पालन नहीं किया, उन्हें ज्यादा लोकसभा सीटें मिल सकती हैं. उनके मुताबिक, यह भी देखना जरूरी होगा कि विपक्ष के कौन-कौन से नेता इस प्रस्ताव का समर्थन करते हैं.
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है. इनमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें हो सकती हैं. इसके अलावा राज्यों की विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव भी शामिल है. इसका उद्देश्य लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने और महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है.
बीजेपी ने शनिवार को परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे लोकतंत्र को मजबूत और अधिक समावेशी बनाने वाला कदम बताया. पार्टी का कहना है कि इसके जरिए महिलाओं को उनका उचित प्रतिनिधित्व मिल सकेगा. बीजेपी के मुताबिक, प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा की सीटें 50 फीसदी तक बढ़ाई जाएंगी. इससे संसद में राज्यों की भागीदारी बढ़ेगी और 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा.