Mangaluru International Airport Bomb threat: मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली. एयरपोर्ट को भेजे गए एक ईमेल में कहा गया कि एयरपोर्ट के साथ-साथ एक फ्लाइट में बम रखा हुआ है. धमकी भरे ईमेल को देखने के बाद अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया. हालांकि बम जैसा कुछ नहीं मिला और धमकी अफवाह साबित हुई. धमकी भरे ईमेल को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है.
जानकारी के मुताबिक, मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट को धमकी भरा मेल मंगलवार रात को [email protected] से आया था. मेल में लिखा गया था कि हम आतंकी समूह हैं, जिसे फनिंग नाम से जाना जाता है. बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह 11 बजे के बाद एयरपोर्ट के अधिकारियों की इस मेल पर नजर पड़ी.
अधिकारियों के मुताबिक, धमकी भरे मेल में लिखा था कि एक फ्लाइट और एयरपोर्ट के अंदर कुछ जगहों पर बम रखे हुए हैं, जिसे बेहतर तरीके से छिपाया गया है. ये बम कुछ देर में फट जाएंगे. हम एक आतंकी समूह हैं, जिसे 'फनिंग' कहा जाता है. मेल देखने के बाद एयरपोर्ट के अधिकारियों ने मंगलुरु पुलिस को इसकी जानकारी दी. इसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया. घंटों की तलाशी के बाद भी पुलिस को कुछ भी बरामद नहीं हुआ.
मंगलुरु के पुलिस कमिश्नर अनुपम अग्रवाल ने बताया कि एयरपोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. घटना को लेकर शिकायत दर्ज की गई है. बता दें कि इस महीने की शुरुआत में बेंगलुरु के कई स्कूलों को एक ईमेल मिला था जिसमें कहा गया था कि उनके अंदर बम रखे गए हैं. अधिकारियों ने हजारों छात्रों को बाहर निकालने के बाद स्कूलों की तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला था.