West Bengal Bomb Incident: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शनिवार सुबह एक युवक की मौत उस समय हो गई जब वह देसी बम बना रहा था. यह हादसा रानीनगर थाना क्षेत्र के चेतियानी इलाके में हुआ. मृतक की पहचान उस्मान बिस्वास के रूप में की गई है, जो मौके पर ही मारे गए.
पुलिस के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. ग्रामीणों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनते ही घरों से बाहर निकलकर देखा तो चारों तरफ धुआं और मलबा फैला हुआ था. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. रानीनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके से कई देसी बम बरामद किए.
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मुर्शिदाबाद में पिछले कुछ महीनों से बम विस्फोट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. खास बात यह है कि शुक्रवार को ही जिले के डोमकल इलाके में एक महिला की बम धमाके में मौत हो गई थी. लगातार दो दिनों में हुए धमाकों ने जिले में तनाव बढ़ा दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक उस्मान बिस्वास संभवतः किसी अवैध गतिविधि में शामिल था और उसी दौरान विस्फोट हुआ. हालांकि यह जांच का विषय है कि वह बम किस उद्देश्य से बना रहा था और इन्हें कहां इस्तेमाल किया जाना था. फिलहाल घटनास्थल से बरामद सभी बमों को निष्क्रिय कर दिया गया है.
धमाके के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और विस्फोटक सामग्री के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह जानकारी जुटाई जा सके कि मृतक किन लोगों के संपर्क में था.
लगातार हो रही इन घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे धमाकों से उनकी सुरक्षा खतरे में है और प्रशासन को तत्काल सख्त कदम उठाने चाहिए. सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि क्या इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह या नेटवर्क काम कर रहा है.