menu-icon
India Daily

महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को होगी नगर परिषद चुनाव की वोटिंग, इस दिन आएगा परिणाम

महाराष्ट्र में 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए मतदान 2 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी. कुल 6,859 सदस्य और 288 अध्यक्ष चुने जाएंगे.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
महाराष्ट्र में 2 दिसंबर को होगी नगर परिषद चुनाव की वोटिंग, इस दिन आएगा परिणाम
Courtesy: social media

मुंबई: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मंगलवार को बताया कि 2 दिसंबर को मतदान और 3 दिसंबर को मतगणना होगी.

इस चुनाव में 1.7 करोड़ मतदाता 6,859 सदस्यों और 288 अध्यक्षों का चयन करेंगे. चुनाव प्रक्रिया इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से पूरी की जाएगी. इसके साथ ही आचार संहिता भी लागू हो गई है, जो चुनाव संपन्न होने तक प्रभावी रहेगी.

1.7 करोड़ मतदाता डालेंगे वोट

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार मतदान पूरी तरह EVM के जरिए कराया जाएगा. कुल 13,726 कंट्रोल यूनिट्स और 27,452 बैलेट यूनिट्स का इंतजाम किया गया है. 1.7 करोड़ पात्र मतदाताओं में 53.7 लाख पुरुष, 53.2 लाख महिलाएं और 775 अन्य मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए 13,355 केंद्र बनाए गए हैं. इस बार कुल 3,820 वार्डों में चुनाव होंगे, जिनमें 6,859 सदस्य चुने जाएंगे.

आरक्षण और उम्मीदवारों की नामांकन प्रक्रिया

चुनाव में 3,492 सीटें महिलाओं के लिए, 895 अनुसूचित जाति, 338 अनुसूचित जनजाति और 1,821 ओबीसी उम्मीदवारों के लिए आरक्षित की गई हैं. नामांकन की अंतिम तिथि 17 नवंबर रखी गई है. 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 21 नवंबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. उम्मीदवारों की अंतिम सूची और चुनाव चिह्न 26 नवंबर को जारी किए जाएंगे.

आचार संहिता लागू, नए फैसलों पर रोक

चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित नगर परिषदों और नगर पंचायतों में आचार संहिता लागू हो गई है. इस दौरान कोई नई नीतिगत घोषणा या ऐसा फैसला नहीं लिया जा सकेगा जिससे मतदाताओं पर प्रभाव पड़े. कुल 66,775 कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी में लगाया जाएगा, जिनमें 288 रिटर्निंग ऑफिसर और उनके सहायक शामिल होंगे.

वोटर लिस्ट और डुप्लिकेट नामों पर सख्ती

वोटर लिस्ट को लेकर विपक्ष की चिंताओं पर राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि सूची भारत निर्वाचन आयोग से ली जाती है. आयोग ने दोहरे मतदाताओं की पहचान के लिए विशेष व्यवस्था की है. संदिग्ध नामों को 'डबल ऐस्टरिस्क' से चिह्नित किया गया है और ऐसे मतदाताओं से उनके मतदान केंद्र की पुष्टि कराई जाएगी. यदि कोई मतदाता दो जगह दर्ज पाया गया तो उसे पहचान सत्यापन के बाद ही मतदान की अनुमति मिलेगी.

वोटर अवेयरनेस और ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च

चुनाव आयोग ने मतदाताओं की जागरूकता बढ़ाने के लिए डिजिटल और पारंपरिक माध्यमों से अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं. उम्मीदवार अब नामांकन पत्र और हलफनामा ऑनलाइन पोर्टल https://mahasecelec.in पर भर सकते हैं, जबकि मतदाता अपनी जानकारी और केंद्र https://mahasecvoterlist.in से देख सकेंगे.