menu-icon
India Daily

महाराष्ट्र एफडीए ने Domino’s के 4 आउटलेट के लाइसेंस किए सस्पेंड, जांच में सामने आईं गंभीर खामियां

महाराष्ट्र FDA ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर Domino’s के चार आउटलेट के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए. मुंबई और सतारा में हुई जांच के दौरान स्वच्छता, भंडारण, तापमान और कीट नियंत्रण में कमियां मिलीं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
महाराष्ट्र एफडीए ने Domino’s के 4 आउटलेट के लाइसेंस किए सस्पेंड, जांच में सामने आईं गंभीर खामियां
Courtesy: social mdia

महाराष्ट्र में बड़े रेस्तरां ब्रांड्स के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है. राज्य FDA ने Domino’s Pizza के चार आउटलेट पर नियमों का पालन नहीं करने के चलते सख्त कदम उठाया है. इनमें तीन आउटलेट मुंबई और एक सतारा में है. विभाग ने कुल 104 प्रतिष्ठानों की जांच की, जिसमें कई जगहों पर सुधार की जरूरत सामने आई.

104 प्रतिष्ठानों की हुई जांच

11 अगस्त को महाराष्ट्र FDA ने राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान Domino’s Pizza के अलावा KFC, Pizza Hut, McDonald’s, Subway, Burger King, Starbucks और Monginis जैसे ब्रांड्स के कुल 104 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. जांच के बाद दो प्रतिष्ठानों का संचालन तुरंत रोक दिया गया, जबकि 95 को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए.

पांच प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबार लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए. इनमें Domino’s के चार आउटलेट शामिल हैं. अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, साफ-सफाई, पानी की जांच और कर्मचारियों की स्वच्छता से जुड़े नियमों पर विशेष ध्यान दिया.

मुंबई के आउटलेट्स में मिलीं कई कमियां

मुंबई के विले पार्ले पश्चिम स्थित Domino’s आउटलेट का लाइसेंस निरीक्षण के बाद निलंबित किया गया. यहां FSSAI लाइसेंस के प्रदर्शन, पीने योग्य पानी की जांच, खाद्य सामग्री के भंडारण, तापमान नियंत्रण और कीट नियंत्रण से जुड़ी कमियां पाई गईं. अधिकारियों ने कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने के साथ-साथ खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं के उचित भंडारण के निर्देश दिए.

रसोई के दरवाजे, फर्श और चिलिंग रूम में भी सुधार की जरूरत बताई गई. बोरीवली पश्चिम के एक अन्य आउटलेट को केवल 54 प्रतिशत अनुपालन स्कोर मिला. यहां भी स्वच्छता, खाद्य भंडारण, तापमान निगरानी और उपकरणों की सफाई को लेकर गंभीर सुधार की जरूरत बताई गई.

घाटकोपर और सतारा में भी कार्रवाई

घाटकोपर पश्चिम के आर-सिटी मॉल स्थित Domino’s आउटलेट पर भी खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने का मामला सामने आया. FDA के मुताबिक वहां सफाई और सैनिटाइजेशन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. नियमित सफाई का रिकॉर्ड और शेड्यूल भी व्यवस्थित नहीं पाया गया.

निरीक्षण के दौरान कीटों की मौजूदगी और कमजोर पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था की बात सामने आई. वहीं सतारा स्थित आउटलेट को महज 47 प्रतिशत का अनुपालन स्कोर मिला. यहां बुनियादी ढांचे, उपकरणों, सफाई और कीट नियंत्रण में कमियां पाई गईं. विभाग ने कच्चे खाद्य पदार्थों के लिए उचित रैक और भंडारण व्यवस्था तथा खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला जांच कराने के निर्देश दिए हैं.

महाराष्ट्र में बढ़ी खाद्य सुरक्षा पर सख्ती

FDA की यह कार्रवाई केवल Domino’s तक सीमित नहीं है. इससे एक दिन पहले मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित Blinkit के एक स्टोर पर भी कार्रवाई की गई थी. निरीक्षण में फल और सब्जियों के बीच बड़ी संख्या में कॉकरोच, फर्श पर रखे खाद्य पदार्थ, जंग लगे रैक और खराब कोल्ड स्टोरेज जैसी कमियां मिली थीं.

विभाग ने मई से जुलाई के बीच राज्य में 3,137 होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया. इस दौरान 764 सुधार नोटिस जारी किए गए और 165 लाइसेंस निलंबित किए गए. FDA के अनुसार करीब 28.66 लाख किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त या नष्ट की गई, जिसकी कीमत लगभग 55.72 करोड़ रुपये थी.