नई दिल्ली: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की बुधनी विधानसभा सीट (Budhni Assembly Seat) सिहोर जिले में आती है. ये सीट एक तरह से भारतीय जनता पार्टी के लिए गढ़ है. बुधनी राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) का गृह क्षेत्र है. ये सीट 1957 में वजूद में आई थी और यहां करीब 40 फीसदी आदिवासी मतदाता हैं. बुधनी में बीजेपी ने 6 बार बाजी मारी है. कांग्रेस ने आखिरी बार इस सीट पर 1998 में जीच का परचम लहराया था.
कांग्रेस के खाते में गई सीट
1957 के विधानसभा चुनाव में ये सीट कांग्रेस के खाते में गई थी. शुरुआती चुनाव में इस सीट पर महिला जनप्रतिनिधि ने कांग्रेस को विजयी दिलाई थी. 1957 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से राजकुमारी सूरज कला विधायक चुनी गईं थी. साल 1962 में निर्दलीय बंसीधर जीते. 1967 में भारतीय जनसंघ से मोहनलाल शिशिर, 1972 में निर्दलीय शालिग्राम वकिल, 1977 में जनता पार्टी से शालिग्राम वकिल ने इस सीट पर परचम लहराया था.
बीजेपी का कब्जा
यहां ये कहना गलत नहीं होगा कि साल 2003 से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा हो गया और इसे भगवा ब्रिगेड का गढ़ कहा जाने लगा. राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 2006 से यहां के विधायक हैं. 2013 के चुनाव में शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के महेंद्र सिंह चौहान को 84 हजार से ज्यादा वोटों से हराया था. शिवराज को चुनाव में 128730 वोट मिले थे, जबकि महेंद्र सिंह चौहान को 43925 वोट ही मिल पाए थे.
नहीं थमा बीजेपी की जीत का सिलसिला
2008 के चुनाव में भी शिवराज सिंह चौहान ने जीत हासिल की थी. इस बार उन्होंने कांग्रेस के महेश सिंह राजपूत को हराया था. शिवराज सिंह चौहान को इस चुनाव में 75828 वोट मिले थे वहीं कांग्रेस के महेश सिंह राजपूत को 34303 वोट मिले थे. शिवराज सिंह चौहान ने इस चुनाव में 40 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी.

साल 2018 का चुनाव परिणाम
साल 2018 के विधानसभा चुनाव में भी शिवराज सिंह चौहान ने यहां से जीत दर्ज कती थी. इस चुनाव में शिवराज सिंह चौहान को एक लाख 23 हजार 492 मत प्राप्त हुए थे. जबकि कांग्रेस के अरुण यादव को 64 हजार 493 वोट. इस चुनाव में 2 लाख 4 हजार 950 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था. साल 2018 में बुधनी विधानसभा में 83 प्रतिशत मतदान हुआ था.
क्या कहते हैं आंकड़े
बुधनी विधानसभा सीट पर कुल वोटरों की संख्या 2 लाख 44 हजार 580 है. इनमें पुरूष मतदाता 1 लाख 27 हजार 847, महिला मतदाता 1 लाख 16 हजार 724 है. यहां पर सबसे ज्यादा वोट आदिवासी समाज का है. 20 हजार के करीब वोट अल्पसंख्यक वर्ग की भी हैं.
बुधनी विधानसभा का इतिहास
1957 राजकुमारी सूरज कला भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
1962 बंसीधर स्वतंत्र
1967 मोहन लाल शिशिर भारतीय जनसंघ
1972 शालिग्राम वकील स्वतंत्र
1977 शालिग्राम वकील जनता पार्टी
1980 केएन प्रधान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (इंदिरा)
1985 चौहान सिंह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
1990 शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी
1992 (पोल द्वारा) मोहन लाल शिशिर भारतीय जनता पार्टी
1993 राजकुमार पटेल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
1998 देव कुमार पटेल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
2003 राजेन्द्र सिंह राजपूत भारतीय जनता पार्टी
2006 (पोल द्वारा) शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी
2008 शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी
2013 शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी
2018 शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी
यह भी पढ़ें: दागी नेताओं को BJP में शामिल कराने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बेबाक बोल,पढ़िए क्या दिया दिलचस्प जवाब