Lok Sabha Elections 2024 Code Of Conduct: भारतीय चुनाव आयोग ने आज लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया है. इसी ऐलान के साथ देशभर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. इस आचार संहिता के दौरान चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के लिए खास निर्देश और आदेश जारी किए जाते हैं. आचार सहिंता का उद्देश्य निष्पक्ष चुनाव कराना होता है.
चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों को आचार संहिता के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना होता है. यदि किसी प्रत्याशी या दल की ओर से इन निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है तो चुनाव आयोग की ओर से उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है. इस आचार संहिता का मुख्य उद्देश्य प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों द्वारा वोटरों को लुभाने के लिए किए जाने वाली कोशिशों को रोकना होता है.
आदर्श आचार संहिता चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के प्रचार को रोकने के लिए चुनाव आयोग की ओर से जारी दिशानिर्देशों का एक सेट कहा जाता है. इसका मुख्य उद्देश्य वोटरों को प्रभावित करने वाली या वोटिंग प्रक्रिया को बाधित करने वाली किसी भी गतिविधि को रोककर एक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना होता है.
आदर्श आचार संहिता पहली बार केरल में साल 1960 के विधानसभा चुनावों के दौरान लागू की गई थी. इसकी सफलता के बाद चुनाव आयोग ने साल 1962 के लोकसभा चुनावों में इसे देश भर में पेश किया. साल 1991 के लोकसभा चुनावों में चुनाव मानदंडों के बार-बार उल्लंघन और भ्रष्ट प्रथाओं पर चिंताओं के कारण चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता को और ज्यादा सख्ती से लागू करने का फैसला लिया था. तभी से ये हर चुनाव में आचार संहिता लागू की जाती है.