Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं से अपील की है कि वे अपने परिवार के सदस्यों से शपथ लें कि वे केजरीवाल और AAP का समर्थन करेंगे. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को महिलाओं से कहा कि अगर वे (पति) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेते हैं, तो उन्हें रात का खाना न परोसें.
केजरीवाल ने दिल्ली में 'महिला सम्मान समारोह' नाम के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत से लोग पीएम मोदी का नाम जप रहे हैं, लेकिन आपको इसे ठीक करना होगा. अगर आपके पति मोदी का नाम जपते हैं, तो उन्हें बताएं कि आप उन्हें रात का खाना नहीं परोसेंगे.
AAP सरकार की ओर से 2024-25 के बजट में 18 साल से अधिक आयु की सभी महिलाओं को 1,000 रुपये हर महीने देने की घोषणा की गई है. इस घोषणा के बाद महिलाओं के साथ बातचीत करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस दौरान केजरीवाल ने ये भी कहा कि वे भाजपा का समर्थन करने वाली अन्य महिलाओं को बताएं कि केवल आपका भाई केजरीवाल ही आपके साथ खड़ा होगा.
आम आदमी पार्टी के चीफ ने कहा कि उन्हें बताएं कि मैंने उनकी बिजली मुफ्त कर दी है, उनकी बस टिकट मुफ्त कर दी है और अब मैं महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दे रहा हूं. भाजपा ने उनके लिए क्या किया है? फिर भाजपा को वोट क्यों दें? इस बार केजरीवाल को वोट दें.
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अब तक महिलाओं को सशक्त बनाने के नाम पर 'धोखाधड़ी' की जा रही थी. उन्होंने कहा कि AAP के अलावा अन्य पार्टियां किसी महिला को कोई पद देती हैं और कहती हैं कि महिलाएं सशक्त हो गई हैं. मैं यह नहीं कह रहा हूं कि महिलाओं को पद नहीं मिलना चाहिए, उन्हें बड़े पद और टिकट मिलने चाहिए, उन्हें सब कुछ मिलना चाहिए. लेकिन इससे केवल दो या चार महिलाओं को ही फायदा होता है. बाकी महिलाओं को क्या मिलता है?
केजरीवाल कहा कि उनकी सरकार के तहत नई योजना 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना' वास्तविक सशक्तिकरण लाएगी. उन्होंने कहा कि सशक्तीकरण तब होगा जब पैसा होगा. असली सशक्तिकरण अब होगा जब हर महिला को हर महीने 1,000 रुपये मिलेंगे. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना पूरी दुनिया में सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम होगी.