Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस बीच सवाल ये है कि आखिर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इस बार कहां से चुनावी मैदान में उतरेंगे. इस बीच सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी वायनाड सीट से एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरेंगे. राहुल गांधी के वायनाड सीट से चुनाव लड़ने को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी असहज है.
बता दें कि, विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से वायनाड सीट छोड़ने को कहा था. सीपीआई का कहना था कि वायनाड सीट लेफ्ट के लिए छोड़ी जाए. भले ही सीपीआई की तरफ से कुछ भी कहा जा रहा हो लेकिन केरल के प्रभारी तारिक अनवर ने नवंबर में कहा था कि राहुल गांधी फिर से वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे. अनवर ने कहा था, "बिल्कुल, वो (राहुल गांधी) वायनाड से चुनाव लड़ेंगे. उन्हें वायनाड के लोगों से बहुत लगाव है."
गौरतलब है कि, राहुल गांधी ने साल 2019 में लोकसभा चुनाव यूपी की अमेठी और केरल की वायनाड सीट से लड़ा था. अमेठी से तो वो चुनाव हार गए थे, लेकिन वायनाड से उन्होंने 4 लाख से अधिक वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की थी. हालांकि अभी भी अमेठी की सीट को लेकर सस्पेंस बरकरार है क्योंकि कांग्रेस ने इसको लेकर रुख साफ नहीं किया है. पिछले चुनाव में यहां से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जीत हासिल की थी.