menu-icon
India Daily

कांग्रेस ने 'न्याय यात्रा' का बदला नाम, INDIA गठबंधन के नेताओं को भी न्योता

Congress Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने न्याय यात्रा के नाम बदलने की घोषणा की है. अब इसे 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के नाम से जाना जाएगा. 

Amit Mishra
Edited By: Amit Mishra
कांग्रेस ने 'न्याय यात्रा' का बदला नाम, INDIA गठबंधन के नेताओं को भी न्योता

हाइलाइट्स

  • लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर
  • 14 जनवरी से शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा

Congress Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस (Congress) पार्टी ने लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) को देखते अपनी रणनीति पर कार्य आरंभ कर दिया है. कांग्रेस जल्द ही 'न्याय यात्रा' शुरू करने वाली है. आने वाली 14 जनवरी से यात्रा की शुरुआत की जाएगी. इस यात्रा का नाम बदल दिया गया है. अब इसे 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के नाम से जाना जाएगा. 

मल्लिकार्जुन खड़गे ने की घोषणा

कांग्रेस की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं से कहा कि, कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए, मतभेदों को छोड़ दें, आलोचना में शामिल ना हों या मीडिया में आंतरिक मुद्दे ना उठाएं. उन्होंने इसी दौरान न्याय यात्रा के नाम बदलने की घोषणा भी की. 

'नई ऊर्जा से जुटना होगा'

कांग्रेस की बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि, पिछले 10 वर्षों में अपनी सरकार की विफलताओं को छिपाने के लिए बीजेपी भावनात्मक मुद्दों को आगे बढ़ा रही है. कार्यकर्ताओं को फिर नई ऊर्जा से जुटना होगा.  

इंफाल से शुरू होगी यात्रा

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 14 जनवरी को इंफाल से शुरू होगी. मणिपुर, नागालैंड, फिर अरुणाचल प्रदेश से होते हुए हम वापस असम आएंगे और फिर मैदानी इलाकों की ओर बढ़ेंगे. कुल मिलाकर, यात्रा 6700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. हर दिन राहुल गांधी लोगों से मिलेंगे.  

लोगो और थीम सॉन्ग होगा लॉन्च

खड़गे ने ये भी कहा कि, मैंने कुछ रिपोर्ट पढ़ी थी कि हम अरुणाचल प्रदेश को छोड़ रहे हैं, मैं इस खबर का खंडन करना चाहता हूं. पहले, इसमें 14 राज्य थे लेकिन अब अरुणाचल प्रदेश को जोड़ा गया है क्योंकि बीजेपी ने आपत्ति जताई थी कि अरुणाचल प्रदेश सूची में क्यों नहीं है. अगले 3-4 दिनों में हम लोगो और थीम सॉन्ग लॉन्च करेंगे. 

इसलिए बदला गया नाम 

इस बीच कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस यात्रा को लेकर कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक ब्रांड बन गई थी. ये लोगों के दिमाग में बैठ गई थी, इसलिए हम इसका मूल्य नहीं खोना चाहते थे. इसलिए सर्वसम्मति से नाम को संशोधित करने का फैसला लिया गया. हम यात्रा में शामिल होने के लिए INDIA ब्लॉक के नेताओं को भी आमंत्रित करेंगे.