Lok sabha election 2024 Amit Shah New Strategy: मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भाजपा उत्साहित नजर आ रही है. तीनों राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद भाजपा अब मिशन 2024 की तैयारियों में जुट गई है. 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के सीनियर नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को खास रणनीति के तहत बड़ा टारगेट दिया है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पिछले दिनों दो दिवसीय विचार-विमर्श का दौर चला. इस दौरान आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन से लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई. कहा जा रहा है कि 2019 के मुकाबले भाजपा ने इस बार 350 से अधिक लोकसभा सीटों को जीतने का टारगेट रखा है. बता दें कि भाजपा ने 2019 के चुनाव में 303 सीटें जीती थीं. इस बार यानी 2024 के लोकसभा चुनाव में 350 प्लस का आंकड़ा छूने के लिए अमित शाह ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन पर फोकस करने और वोट शेयर बढ़ाने का टारगेट दिया.
2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा का वोट शेयर 37.4 फीसदी था. 2024 में मई से पहले होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 2019 की तुलना में 10 फीसदी अधिक वोट शेयर का लक्ष्य रखा है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, भाजपा मुख्यालय में दो दिवसीय बैठक के दौरान अमित शाह ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन और पन्ना प्रमुख का महत्व भी समझाया. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पिछले दोनों कार्यकाल यानी 10 साल में मोदी सरकार के किए गए कामों से जनता संतुष्ट है. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को इसका लाभ उठाना चाहिए.
दिल्ली में चल रही भारतीय जनता पार्टी की 'राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक' में आज हमारे राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ संवाद किया।
— Amit Shah (@AmitShah) December 23, 2023
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के करिश्माई नेतृत्व में अभी तीन राज्यों में भाजपा को मिली प्रचंड विजय बताती है कि हर वर्ग और हर क्षेत्र की जनता का विश्वास… pic.twitter.com/5ZhTsoRz8z
अमित शाह ने सुझाव दिया कि पिछले 10 साल की उपलब्धियों को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना चाहिए. सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के सीनियर नेता अमित शाह ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को सुझाव दिया कि आगामी चुनाव के लिए 'मोदी की गारंटी' मुख्य चुनावी मुद्दा होना चाहिए. लोगों को बताया जाना चाहिए कि कैसे पीएम मोदी की सरकार ने जो वायदे किए, उसे पूरा किया गया.
दो दिवसीय बैठक के बाद अमित शाह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी डाला, जिसमें उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीन राज्यों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है. आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हमें भाजपा की विचारधारा और केंद्र के साथ-साथ भाजपा शासित राज्यों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है, जिससे एक बार फिर केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बन सके.