कोलकाता: विश्व प्रसिद्ध फुटबॉलर लियोनल मेसी इस समय भारत के तीन दिनों के दौरे पर हैं. इसके पहले दिन वे कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, जहां पर उन्होंने अपनी 70 फीट स्टैच्यू का अनावरण किया.
हालांकि, इस दौरान वे स्टेडियम में बस कुछ ही समय के लिए रुके, जिसके बाद फैंस में गुस्सा देखने को मिला. इसके बाद फैंस तोड़फोड़ करने लगे और अब कार्यक्रम के आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
महान फुटबॉलर मेसी आज से तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं. कोलकाता के बाद वे दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई जैसे शहरों का दौरा करेंगे. हालांकि, पहले ही दिन बड़ी अनहोनी हो गई और खराब मैनजमेंट की वजह से फैंस ने स्टेडियम में तोड़फोड़ की. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा और तब फैंस को शांत कराया जा सका.
मेसी ने कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में अपनी 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया. हालांकि, उन्होंने ऐसा वर्चुअली किया क्योंकि भीड़ को देखते हुए ऐसा फैसला लिया गया. मेसी जब स्टेडियम में आए, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घेर रखा था और फैंस उन्हें नहीं देख पा रहे थे.
इसके बाद वे जल्द ही स्टेडियम के बाहर चले गए और फैंस गुस्से में आ गए. बता दें कि मेसी को देखने को लिए टिकटों की कीमत 5 हजार से लेकर 12 हजार तक रखी गई थी और इसी वजह से फैंस में नाराजगी देखने को मिली क्योंकि वे अपने स्टार को ठीक से नहीं देख सके.
#WATCH | Kolkata: On the Chaos at Messi's Kolkata event, West Bengal DGP Rajeev Kumar says, "There was some kind of anger or anxiety in the fans saying that he's not playing. The plan was that he would come here, wave, meet certain people and leave. Now the government has already… pic.twitter.com/WMomQ5KgDb
— ANI (@ANI) December 13, 2025
पश्चिम बंगाल के डीजीपी राजीव कुमार ने बताया कि 'फैंस में चिंता थी कि मेसी नहीं खेल रहे हैं. ऐसी योजना थी कि मेसी यहां आएंगे हाथ हिलाएंगे, कुछ लोगों से मिलेंगे और फिर चले जाएंगें. हालांकि, इसके बाद फैंस नाराज हुए और स्टेडियम में तोड़फोड़ कर दी.'
उन्होंने आगे कहा, 'सरकार ने इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है. ये सभी पहलुओं पर जांच करेगी कि इसमें आयोजक की तरफ से कोई गड़बड़ की गई है या फिर किसी और की गलती है. आयोजकों ने लिखित में दिया है कि वे फैंस के टिकट का पैसा वापस कर देंगे और उन्हें हिरासत में भी लिया गया है.'