नई दिल्ली: बॉलीवुड की चर्चित फिल्म 'द केरल स्टोरी' का सीक्वल 'द केरल स्टोरी 2 गोज़ बियॉन्ड' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है. ट्रेलर रिलीज होने के कुछ दिनों बाद ही फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर मिक्स्ड रिएक्शन आने लगे. कई लोग इसे प्रोपेगेंडा फिल्म बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे साहसिक कहानी मान रहे हैं. इसी बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन ने फिल्म पर तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे 'झूठी प्रोपेगैंडा' फैलाने वाला बताया है.
पिनारायी विजयन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मलयालम में एक बयान शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा- 'हेट कैंपेन को तिरस्कार के साथ अस्वीकार करना चाहिए और तथ्यों, धर्मनिरपेक्षता तथा भाईचारे के मूल्यों को मजबूती से अपनाना चाहिए. केरल हमारा गर्व है. झूठ पर सच की जीत होनी चाहिए. इसके लिए हमें एकजुट खड़ा होना होगा.'
The reports regarding the release of a sequel to the hate-mongering film 'The Kerala Story' should be seen with utmost gravity. Having already seen through the communal agenda and blatant lies of the first part, Kerala will once again reject this attempt to demonise our secular…
— Pinarayi Vijayan (@pinarayivijayan) February 19, 2026
उन्होंने आगे कहा कि पहली फिल्म 'द केरल स्टोरी' को केरल राज्य के खिलाफ नफरत फैलाने और उसकी धर्मनिरपेक्ष परंपरा को कमजोर करने के इरादे से बनाया गया था. सीएम ने सवाल उठाया कि समाज में विभाजन और नफरत फैलाने वाली 'विषैली' फिल्मों को स्क्रीनिंग की अनुमति कैसे मिल जाती है, जबकि 'बीफ' जैसी फिल्म को फिल्म फेस्टिवल में रोक दिया जाता है.
विजयन ने विशेष रूप से कहा- 'वे आपसी सहमति से हुए विवाहों को भी सांप्रदायिकता और जबरन धर्मांतरण का उदाहरण बताकर झूठी प्रोपेगैंडा फैला रहे हैं.' उन्होंने ट्रेलर में दिखाए गए कुछ सीन जैसे जबरन बीफ खिलाने वाले दृश्य को भी आधारहीन और विभाजनकारी बताया.
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने एक्स पर भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा- 'हेट-मॉन्गरिंग फिल्म 'द केरल स्टोरी' के सीक्वल की रिलीज़ की खबरों को अत्यंत गंभीरता से देखा जाना चाहिए. पहली फिल्म के सांप्रदायिक एजेंडे और खुलेआम झूठ को पहले ही समझ लिया गया है. केरल इस बार भी हमारे धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को बदनाम करने की कोशिश को तिरस्कार के साथ अस्वीकार करेगा.'
ट्रेलर में फिल्म को पैन-इंडिया कहानी के रूप में पेश किया गया है, जिसमें लव जिहाद, जबरन कन्वर्जन जैसे मुद्दों को उठाया गया है. ट्रेलर में एक डायलॉग है कि अगले 25 सालों में भारत इस्लामिक स्टेट बन जाएगा और शरिया कानून लागू होगा. एक सीन में केरल की महिला को उसके ससुराल वाले जबरन बीफ खिलाते दिखाए गए हैं, जिस पर केरल के लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर मीम्स और ट्रोलिंग की है.
फिल्म के डायरेक्टर कमाख्या नारायण सिंह और प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने ट्रेलर को प्रमोट किया है और कहा है कि यह युवा लड़कियों और परिवारों तक पहुंचने वाली सच्चाई है. फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट मिल चुका है और यह 27 फरवरी 2026 को रिलीज़ होने वाली है.