Kedarnath Helicopter Crash:केदारनाथ से भारतीय सेना का हेलिकॉप्टर, एक अन्य खराब हेलिकॉप्टर को एयरलिफ्ट कर ला रहा था. इसी दौरान रस्सी के टूट जाने से नीचे लटका खराब हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया. घटना शनिवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है. सोशल मीडिया पर हेलिकॉप्टर के नीचे गिरने का वीडियो वायरल है.
केदारनाथ रूट के तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी ये एक बड़ी दुर्घटना थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, निजी कंपनी के खराब हेलिकॉप्टर को सेना के MI-17 से हवाई मार्ग के जरिए लाया जा रहा था. इसी दौरान खराब हेलिकॉप्टर लिनचोली एरिया में थारू बेस कैंप के पास नीचे गिर गया.
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर को केदारनाथ हेलीपैड के पास से हवाई मार्ग से लाया जा रहा था और मरम्मत के लिए गौचर एयर स्ट्रीप पर ले जाया जा रहा था. अधिकारियों के अनुसार, थारू शिविर में तीर्थयात्री और स्थानीय लोग दोनों थे, लेकिन एमआई-17 पायलट की सतर्कता की वजह से खराब हेलिकॉप्टर ऐसे क्षेत्र में गिरा, जो शिविर कैंप से दूर था.
VIDEO | Uttarakhand: A defective helicopter, which was being air lifted from #Kedarnath by another chopper, accidentally fell from mid-air as the towing rope snapped, earlier today.#UttarakhandNews
— Press Trust of India (@PTI_News) August 31, 2024
(Source: Third Party) pic.twitter.com/yYo9nCXRIw
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह राजवार ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. MI-17 के जरिए एक इंजन वाला खराब हेलिकॉप्टर एयरलिफ्ट कर लाया जा रहा था, लेकिन तेज़ हवाओं और मौसम की स्थिति में अचानक बदलाव के कारण पायलट ने नियंत्रण खोना शुरू कर दिया. उड़ान भरने के तुरंत बाद ही MI-17 ने संतुलन खोना शुरू कर दिया और प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि ऐसा हवाओं और खराब हेलिकॉप्टर के वजन के कारण हुआ.
उन्होंने कहा कि हेलिकॉप्टर मंदाकिनी नदी के पास एक इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जहां लोग मौजूद नहीं थे. खराब हेलिकॉप्टर में भी कोई यात्री या सामान नहीं था. इस साल 24 मई को, निजी फर्म के हेलिकॉप्टर को कुछ तकनीकी त्रुटियों के कारण केदारनाथ हेलीपैड से कुछ ही समय पहले आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी. तब से हेलिकॉप्टर वहीं था और शनिवार की सुबह इसे हिमालयी राज्य के चमोली जिले में गौचर हवाई पट्टी पर ले जाया जा रहा था.