बीजेपी के पूर्व तमिलनाडु अध्यक्ष और ‘वी द लीडर्स’ आंदोलन के संस्थापक के अन्नामलाई ने पार्टी की कार्यशैली और देश में बड़े प्रोजेक्ट्स के वितरण को लेकर तीखी टिप्पणी की है. चेन्नई में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विकास का मॉडल किसी एक राज्य तक सीमित नहीं होना चाहिए. उनका इशारा खासतौर पर गुजरात की ओर था, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का गृह राज्य होने के कारण कई बड़े निवेश और आयोजन पहुंचे हैं.
अन्नामलाई ने कहा कि बीजेपी में निर्णय लेने की प्रक्रिया धीरे-धीरे ‘दिल्ली-केंद्रित’ होती जा रही है. उनके मुताबिक राज्य स्तर के नेताओं को सिर्फ संगठनात्मक जिम्मेदारी देने के बजाय उन्हें फैसले लेने और उन्हें लागू करने की पर्याप्त स्वतंत्रता भी मिलनी चाहिए. उन्होंने इसे पार्टी को मजबूत करने के लिए जरूरी बताया. अन्नामलाई ने कहा कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेताओं को अधिकार मिलने से राज्यों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बेहतर फैसले लिए जा सकेंगे.
अन्नामलाई ने कहा कि दिल्ली से होने वाले विकास के फैसलों में गुजरात को प्राथमिकता देने की धारणा बदलनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सभी AI कंपनियां, सेमीकंडक्टर और वेफर निर्माण परियोजनाएं गुजरात में ही जाएंगी. उन्होंने 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स, 2030 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स और 2036 ओलंपिक से जुड़े अहम आयोजनों का भी उल्लेख किया. उनके अनुसार देश के विकास का मतलब यह नहीं हो सकता कि बड़े अवसर लगातार एक ही राज्य में केंद्रित होते रहें.
अन्नामलाई की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब गुजरात देश के सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है. टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, माइक्रोन और सीजी पावर जैसी कंपनियों की परियोजनाओं ने राज्य की भूमिका बढ़ाई है. इससे पहले वेदांता-फॉक्सकॉन सेमीकंडक्टर परियोजना को गुजरात ले जाने को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद हुआ था. टाटा-एयरबस के विमान निर्माण प्रोजेक्ट को लेकर भी इसी तरह की राजनीतिक बहस देखने को मिली थी.
गुजरात को बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी मिलने पर भी राजनीतिक सवाल उठते रहे हैं. 2025 में IPL फाइनल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम स्थानांतरित किया गया था. इसके बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए. अहमदाबाद को 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स और 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलनी है. भारत के 2036 ओलंपिक अभियान में भी अहमदाबाद को प्रस्तावित मेजबान शहर के तौर पर आगे रखा गया है.
कार्यक्रम में अन्नामलाई ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय पर भी बात की. उन्होंने कहा कि नई सरकार को खुद को स्थापित करने के लिए पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए. अन्नामलाई ने शुरुआती 100 दिनों में उन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ काम करने की इच्छा रखने वाला नेता बताया और कम से कम एक साल तक सरकार चलाने की स्वतंत्रता देने की बात कही. उन्होंने कहा कि फिलहाल विजय को उनका समर्थन है और एक तमिल नागरिक के तौर पर वह सरकार को काम करने का अवसर देना चाहते हैं.