menu-icon
India Daily

बीजेपी आईटी सेल हेड के पद से अमित मालवीय की छुट्टी, इस युवा को मिली नई जिम्मेदारी

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है. नए फेरबदल के तहत अमित मालवीय को IT सेल हेड के पद से हटा दिया गया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
बीजेपी आईटी सेल हेड के पद से अमित मालवीय की छुट्टी, इस युवा को मिली नई जिम्मेदारी
Courtesy: Facebook

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है. इसमें संगठन को मजबूत करने के लिए कई अनुभवी और युवा नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. नई टीम में 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. इनमें वसुंधरा राजे और राम माधव जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. संगठनात्मक बदलाव में सबसे ज्यादा चर्चा बीजेपी के आईटी सेल को लेकर है, जहां लंबे समय से जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय की जगह नया चेहरा सामने आया है.

दीपक म्हस्के को IT सेल की कमान

छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को बीजेपी का नया आईटी सेल प्रमुख बनाया गया है. वह पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर भी काम कर चुके हैं और संगठन तथा मीडिया से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं. हाल ही में उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन का अध्यक्ष बनाया गया था. उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी ने डिजिटल संगठन की जिम्मेदारी उन्हें सौंपने का फैसला किया है. अमित मालवीय वर्ष 2015 से बीजेपी के आईटी सेल का नेतृत्व कर रहे थे.

सोशल मीडिया टीम भी बदली

बीजेपी ने डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए चार राज्यों में नए सोशल मीडिया समन्वयकों की नियुक्ति भी की है. महाराष्ट्र से प्रीति गांधी, दिल्ली से शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड से आलोक भट्ट और हरियाणा से अरुण यादव को यह जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी का फोकस सोशल मीडिया के जरिए संगठन की पहुंच को और व्यापक बनाने पर है. वहीं, अनिल बलूनी मीडिया संयोजक और मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे.

स्मृति ईरानी की राष्ट्रीय राजनीति में वापसी

नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को भी अहम भूमिका मिली है. उन्हें बीजेपी के आठ राष्ट्रीय महामंत्रियों में शामिल किया गया है. इसके अलावा पार्टी ने 16 राष्ट्रीय सचिवों और विभिन्न मोर्चों के नए अध्यक्षों की घोषणा की है. हेमंत जोशी को युवा मोर्चा और रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इससे संगठन के विभिन्न मोर्चों में भी नेतृत्व परिवर्तन का संकेत मिलता है.

युवा और अनुभवी चेहरों का संतुलन

नई राष्ट्रीय टीम में क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखने की कोशिश दिखाई देती है. नागालैंड की राज्यसभा सांसद फांगनोन कोन्याक और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. दक्षिण भारत में संगठन को मजबूत करने के लिए आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तमिलनाडु के एम. वेंकटेशन को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है.

आगामी चुनावों पर नजर

बीजेपी में यह संगठनात्मक बदलाव ऐसे समय हुआ है जब उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज होनी हैं. नई टीम के जरिए पार्टी डिजिटल प्रचार, मीडिया प्रबंधन और राज्यों में संगठनात्मक पहुंच को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश कर रही है. अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के की नियुक्ति को इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.