menu-icon
India Daily

Jharkhand Spanish Vlogger Case: चाकू दिखाकर धमकाया, लात और मुक्का मारा; झारखंड पुलिस से स्पैनिश व्लॉगर की शिकायत

Jharkhand Spanish Vlogger Case: झारखंड में स्पैनिश महिला के साथ गैंगरेप की FIR सामने आई है, जिसमें पीड़िता ने आपबीती बताई है. इस बीच दुमका में पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गैंगरेप में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. बाइकर्स दंपति मंगलवार को झारखंड से चले गए हैं.

India Daily Live
Jharkhand Spanish Vlogger Case: चाकू दिखाकर धमकाया, लात और मुक्का मारा; झारखंड पुलिस से स्पैनिश व्लॉगर की शिकायत
Courtesy: फोटो- PTI

Jharkhand Spanish Vlogger Case: झारखंड के दुमका जिले में गैंगरेप के बाद स्पैनिश महिला ने पुलिस से शिकायत में जो कुछ बताया था, वो सामने आया है. FIR में स्पैनिश व्लॉगर की ओर से कहा गया है कि आरोपियों ने चाकू की नोंक पर उन्हें धमकाया, मारपीट की. आरोपियों ने पहले स्पैनिश महिला को धमकाया और उसके साथ मारपीट शुरू की. वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपियों ने उसके हाथ बांध भी बांध दिए. 

स्पैनिश महिला ने झारखंड पुलिस से दी गई अपनी शिकायत में आपबीती बताई है. इसके आधार पर 7 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.पीड़िता की आपबीती के मुताबिक, आरोपियों का तांडव करीब ढाई घंटे तक चला. FIR के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब महिला अपने पार्टनर के साथ मेन रोड से करीब 1 किलोमीटर दूर पहाड़ी इलाके में तंबू लगाकर आराम कर रही थी. 2 मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसका बयान दर्ज किया गया और आईपीसी की धारा 376 डी (गैंगरेप) और 395 (डकैती) के तहत FIR दर्ज की गई.

पहले तीन लोग आए, पति की पिटाई की, फिर हाथ बांधे

FIR में कहा गया है कि सबसे पहले, तीन लोगों ने उसके पति के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया, उसके साथ मारपीट की और उसके हाथ बांध दिए. आरोप है कि बाकी 4 आरोपियों ने स्पैनिश महिला को 'चाकू दिखाकर' जबरदस्ती उठाया. इसके बाद सभी 7 आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और बारी-बारी से रेप की वारदात को अंजाम दिया. 

पीड़िता के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के दौरान सभी आरोपी नशे में लग रहे थे. घटना शाम करीब 7.30 बजे से रात 10 बजे के बीच हुई. स्पैनिश महिला अपने पार्टनर के साथ बाइक से वर्ल्ड टूर पर निकली है. श्रीलंका और पाकिस्तान घुमने के बाद वे भारत पहुंची. 

पीड़िता ने बताया कि भारत में यात्रा की शुरुआत में हम दुमका के कुमराहाट गांव पहुंचे. जब यहां आएं तो काफी अंधेरा हो चुका था. हमने पास के जंगली पहाड़ी रास्ते पर अपने टेंट लगाया, ताकि रात भर आराम किया जा सके. शाम करीब 7 बजे, जब हम टेंट में थे, तब कुछ लोगों की आवाज सुनी. जैसे ही हम टेंट से बाहर निकले तो हमने देखा कि दो लोग फोन पर बात कर रहे हैं. शाम करीब साढ़े सात बजे दो बाइक पर कुछ लोग आए. वे हमारे टेंट के पास आए और हमसे कहा- हैलो, दोस्तों. 

स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे आरोपी, एक दो शब्द अंग्रेजी भी बोल रहे थे

स्पैनिश महिला के मुताबिक, आरोपियों के वहां पहुंचने के बाद हमने हेलमेट पर लगे हेड टॉर्च को जलाया. देखा कि 5 लोग टेंट की ओर आ रहे हैं. थोड़ी देर बाद दो और लोग आ गए. सभी 7 आरोपी स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे और बीच-बीच में कुछ-कुछ अंग्रेजी शब्दों का भी इस्तेमाल कर रहे थे.

FIR में कहा गया है कि सभी सातों ने उनका सामान छीन लिया, जिसमें एक स्विस चाकू, एक कलाई घड़ी, हीरा लगा प्लैटिनम अंगूठी, एक चांदी की अंगूठी, काले ईयरपॉड, एक काला पर्स, एक क्रेडिट कार्ड, लगभग 11,000 रुपये, 300 अमेरिकी डॉलर, एक स्टील का चम्मच शामिल है.

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों में से एक 28-30 साल का था, जिसने सफेद गमछा और सफेद टी-शर्ट पहनी थी, जबकि बाकी आरोपी उससे कम उम्र के थे. वारदात को अंजाम देने के बाद वे गांव की ओर भाग गए. जिसके बाद, हम अपनी बाइक लेकर किसी तरह मुख्य सड़क पर आए. रात 11 बजे, हंसडीहा पुलिस की एक पट्रोलिंग टीम ने हमें देखा और हमारी हेल्प के लिए आगे आई. हम दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बयान दर्ज किए गए.