जम्मू में इतनी भीषण गर्मी पड़ रही है कि स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है. यह गर्मी इंसान तो छोड़िए, जानवरों पर भी भारी पड़ रही है, जानवर दम तोड़ रहे हैं. जम्मू जिला प्रशासन ने आदेश दिया है कि किसी भारी सामान की ढुलाई के लिए किसी भी तरह की गाड़ी या रथ में जानवरों का इस्तेमाल न किया जाए. प्रशासन ने इसके लिए समयसीमा भी तय की है. दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 3 बजे तक किसी भी तरह से भार वाहनों में जानवरों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा.
जम्मू में मौसम बेहद गर्म बना हुआ है. प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है, 'कुछ लोग बैल, घोड़ा, गधा और खच्चर और ऊंट का इस्तेमाल दिन के वक्त ही भार ढोने के लिए कर रहे हैं. 37 डिग्री तापमान से ज्यादा होने के बाद भी लोग ऐसा कर रहे हैं. इसकी वजह से वे बीमार पड़ रहे हैं, कुछ मामलों में मौत हो जा रही है. |
'2 महीनों के लिए जानवरों से मत कराना काम'
जम्मू प्रशासन ने कहा है, 'ऐसे में पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 6 और एनिमल रूल्स 1965 के मुताबिक जो भी इनसे काम कराएगा, कड़ा ऐक्शन लिया जाएगा.' जम्मू प्रशासन का यह आदेश अगले 2 महीने तक लागू रहेगा.'
जम्मू में लू का कहर, तापमान इतना कि सह नहीं पाएंगे
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक जम्मू में हीट स्ट्रोक का खतरा मंडरा रहा है. अगले 5 दिन जम्मू को बहुत भारी पड़ने वाले हैं. मैदानी इलाकों में जगह-जगह लू चलेगी. हीट स्ट्रोक की वजह से लोग बीमार पड़ रहे हैं. जम्मू में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. जम्मू में अगले सप्ताह तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.