menu-icon
India Daily

Jalpaiguri Storm: जलपाईगुड़ी में 5 लोगों की मौत, 500 घायल; 10 मिनट के तूफान ने मचाई भारी तबाही

Jalpaiguri Storm: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में चक्रवाती तूफान ने जमकर कहर बरपाया है. तूफान के कारण अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 500  से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. इलाके में कई लोगों के घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा है.

India Daily Live
Jalpaiguri Storm: जलपाईगुड़ी में 5 लोगों की मौत, 500 घायल; 10 मिनट के तूफान ने मचाई भारी तबाही

Jalpaiguri Storm: जलपाईगुड़ी में चक्रवाती तूफान से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 500 घायल हैं. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तूफान से प्रभावित लोगों से मुलाकात की है. साथ ही अस्पताल में भर्ती घायलों से उनका हालचाल जाना. रविवार यानी 31 मार्च को आए चक्रवाती तूफान से कई घरों के छत उड़ गए, जबकि बिजली के खंभे भी गिर गए. सबसे ज्यादा नुकसान जलपाईगुड़ी शहर और मयनागुड़ी के वार्निश इलाके में हुआ है.

रविवार दोपहर उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में आए तूफान के थमने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने निर्धारित चुनावी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया और रविवार रात जलपाईगुड़ी पहुंचीं. उन्होंने स्थिति का जायजा भी लिया और चक्रवात प्रभावित लोगों से मिलने के लिए जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का दौरा किया.

10 मिनट के तूफान में  मची भारी तबाही

तूफान दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कुछ वर्ग किलोमीटर में फैले गांवों में पहुंचा और करीब 10 मिनट तक चला. मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि एक आपदा आई, जिससे कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और पांच लोगों की मौत हो गई. दो अन्य की हालत गंभीर है.

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया और कहा कि प्रशासन मौके पर है और आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है. सरकार पीड़ितों की मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रशासन जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा रहेगा. जो नुकसान हुआ है, उससे हम वाकिफ हैं. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी क्षति जो हुई है, वो जानमाल की हानि है. उन्होंने आपदा प्रबंधन प्रयासों के लिए प्रशासन को भी धन्यवाद दिया.

ममता बनर्जी ने कहा कि डॉक्टर, नर्स और अस्पताल कर्मचारी स्थिति को संभालने के लिए अच्छा काम कर रहे हैं. बचाव अभियान पहले ही खत्म हो चुका है. जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 170 से अधिक घायल लोगों को भर्ती कराया गया है. लगभग 200 लोगों को मयनागुड़ी अस्पताल ले जाया गया और लगभग 100 लोगों का इलाज बार्नेश स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है.

अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भी आया तूफान

जलपाईगुड़ी के पास अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह का तूफान आया, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इससे पहले रविवार को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जलपाईगुड़ी जिले के कुछ हिस्सों में तबाही मचाने वाले तूफान में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया. मोदी ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और उनसे प्रभावित लोगों को उचित सहायता सुनिश्चित करने को कहा है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी-मैनागुड़ी इलाकों में तूफान से प्रभावित लोगों के साथ हैं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं. पीएम मोदी ने कहा कि मैं बंगाल बीजेपी के कार्यकर्ताओं से तूफान प्रभावितों की मदद करने की अपील करता हूं.

जलपाईगुड़ी की जिला मजिस्ट्रेट शमा परवीन ने कहा कि अब तक चार लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान द्विजेंद्र नारायण सरकार (52), अनिमा रॉय (49), जोगेन रॉय (70) और समर रॉय (64) के रूप में हुई है. राजभवन के अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए सोमवार को जलपाईगुड़ी रवाना होंगे.