menu-icon
India Daily

इजराइल दूतावास के पास विस्फोट मामले में बड़ी सफलता, CCTV फुटेज में दिखे 2 संदिग्ध, NSG कर रही जांच

विस्फोट स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो संदिग्ध दिखे हैं. ब्लास्ट की जांच पड़ताल में जुटी टीम दोनों संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है. दिल्ली पुलिस दूतावास के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेजों को खंगाल कर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है. 

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
इजराइल दूतावास के पास विस्फोट मामले में बड़ी सफलता, CCTV फुटेज में दिखे 2 संदिग्ध, NSG कर रही जांच

हाइलाइट्स

  • NSG की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची
  • विस्फोट स्थल से पुलिस को मिली चिट्ठी

Israel embassy Blast case suspects caught on CCTV: इजराइल दूतावास के पास विस्फोट मामले में बड़ी सफलता मिली है. जांच में जुटी टीम को सीसीटीवी में दो संदिग्ध दिखे हैं. दोनों संदिग्धों की तलाश की जा रही है. साथ ही उनकी पहचान की कोशिक की जा रही है. फिलहाल, चाणक्यपुरी स्थित इजराइली दूतावास वाले इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. 

सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट स्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में दो संदिग्ध दिखे हैं. ब्लास्ट की जांच पड़ताल में जुटी टीम दोनों संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है. दिल्ली पुलिस दूतावास के आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेजों को खंगाल कर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है. 

NSG की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची

मंगलवार शाम करीब 5 बजे धमाके के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम जांच पड़ताल के लिए घटनास्थल पर पहुंची थी. वहीं, आज सुबह यानी बुधवार को एनएसजी की एक टीम इजराइली दूतावास के बाहर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोट स्थल के पास इजराइली झंडा में लिपटी एक चिट्ठी मिली थी. चिट्ठी में इजरायली दूतावास के राजदूत को संबोधित करते हुए गाजा में हमले के खिलाफ बदला लेने की बात लिखी गई थी. उधर, धमाके बाद इजराइली दूतावास के आसपास के इलाकों में घेराबंदी की गई थी. हालांकि थोड़ी देर की जांच पड़ताल के बाद घेराबंदी हटा दी गई थी

बता दें कि दिल्ली पुलिस को एक शख्स ने फोन कर धमाके की जानकारी दी थी. जानकारी के बाद बम निरोधक दस्ते और विशेष पुलिस दल को घटनास्थल पर भेजा गया और तलाशी ली गई. हालांकि मौके पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. वहीं, इजराइल दूतावास ने घटना की पुष्टि की और कहा कि जांच चल रही है.

इजराइली दूतावास के प्रवक्ता ने क्या कहा?

धमाके के बाद इजराइली दूतावास के प्रवक्ता गाइ नीर ने मंगलवार शाम को कहा कि हम पुष्टि कर सकते हैं कि शाम 5:08 बजे के आसपास दूतावास के नजदीक एक विस्फोट हुआ था. दिल्ली पुलिस और अन्य टीम जांच पड़ताल कर रही है. घटना में दूतावास का कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ है.

वहीं, जांच पड़ताल में जुटी टीम के अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर विस्फोटक का कोई निशान नहीं मिला है. कुछ स्पेशलिस्ट्स का कहना है कि केमिकल ब्लास्ट की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता. इजरायली विदेश मंत्रालय ने कहा है कि धमाके के कारणों को जानने के लिए हम जांच टीम का पूरा सहयोग कर रहे हैं.