पाकिस्तान और ISI के एजेंट हैं कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके, बीजेपी के दावों में कितनी सच्चाई?
कहा जा रहा है कि सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स का एक बड़ा हिस्सा पाकिस्तान में रहता है. बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव तजिंदर बग्गा और पार्टी प्रवक्ताओं ने इस बात को हवा दी है.
तेजी से वायरल हो रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके पिछेले 72 घंटों में शायद ही सो पाए हों. हो भी क्यों ना. लॉन्च के महज एक हफ्ते के भीतर इस पार्टी ने इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स के मामले में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी को भी पीछे छोड़ दिया है. इस पार्टी के इंस्टाग्राम पर 20 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हो गए हैं.
जैसा कि हम सब जानते हैं कि जब इंसान की प्रसिद्धि बढ़ती है तो उस पर कुछ आरोप भी लगते हैं. अभिजीत दिपके पर भी ऐसी ही आरोप लग रहे हैं. कहा जा रहा है कि सीजेपी यानी कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स का एक बड़ा हिस्सा पाकिस्तान में रहता है. बीजेपी युवा मोर्चा के महासचिव तजिंदर बग्गा और पार्टी प्रवक्ताओं ने इस बात को हवा दी है.
बग्गा ने शुक्रवार को पाकिस्तान जनता पार्टी के नाम से एक पार्टी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की देशवार संख्या का डेटा शेयर किया. डेटा के अनुसार, पार्टी के 77% फॉलोअर्स पाकिस्तान (49%), अमेरिका (14%) और बांग्लादेश (14%) के नागरिक हैं. आंकड़ों के मुताबिक, भारत चौथे स्थान पर है जिसके फॉलोअरस की संख्या महज 9% है.
इस डाटा को बीजेपी नेता प्रीति गांधी ने भी हाइलाइट किया. उन्होंने कहा, 'जब आपके ज्यादातर समर्थक बॉर्डर पार बैठे हों, शत्रु देश में, तो अब शायद यह दिखावा बंद करने का समय आ गया है कि आप किसके लिए लड़ रहे हैं.'
हालांकि बोस्टन विश्वविद्यालय से स्नातक दिपके ने बीजेपी के आरोपों का जवाब वास्तविक आंकड़े जारी कर दिया. इन आंकड़ों से पता चला कि सीजेपी के 97% इंस्टाग्राम फॉलोअर्स भारतीय हैं. इसके बाद अमेरिका से 1% और ब्रिटेन से 1% लोग हैं.
दिपके ने आंकड़े साझा करते हुए ट्वीट किया, 'मुझे पता है कि आप अकाउंट हैक करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं लेकिन चूंकि आप इसमें नाकाम रहे हैं तो इसलिए मैं आपको असली आंकड़े बताता हूं.'
हालांकि बग्गा और दिपके दोनों ने ही डेटा का स्रोत नहीं बताया. हालांकि यह बात जरूर है कि चूंकि दिपके खुद सीजेपी हैंडल के निर्माता है ऐसे में उनके पास इंस्टाग्राम के फॉलोअर्स के भौगोलिक वितरण से संबंधित डेटा तक पहुंच होगी. बीजेपी और बग्गा द्वारा साझा किया गया डेटा संभवत: थर्ड पार्टी ऐप्स द्वारा जुटाया गया हो सकता है जो विश्वसनीय नहीं हो सकता. अभी तक मेटा या इंस्टाग्राम ने भी सीजेपी के फॉलोअर्स की भौगोलिक स्थिति को लेकर कोई डेटा जारी नहीं किया है.
क्या ISI के एजेंट हैं दिपके
दिपके के खिलाफ यह भी आरोप लग रहा है कि उन्हें आईएसआई द्वारा फंड किया जा रहा है. बीजेपी नेता तजिंदर बग्गा समेत कई यूजर्स ने लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी (LRO) द्वारा 2019 में दर्ज कराई गई एक शिकायत शेयर की है. इसमें दिपके पर पाकिस्तान से जुड़े विचारों और भड़काउ सामग्री को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है. यह शिकायत पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद दर्ज की गई थी.
हालांकि इस शिकायत पर आगे कार्रवाई नहीं की गई और जांच एजेंसियों की तरफ से भी ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई कि दिपके आईएसआई एजेंट हैं. खैर जो भी हो, कोकरोच जनता पार्टी भारत समेत दुनिया भर की मीडिया में छाई हुई है. खुल दो आलसी और बेरोजगारों की आवाज कहने वाली इस पार्टी ने इस सप्ताह भारत में खबरों पर अपना दबदबा बनाए रखा है.