उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी मेकअप आर्टिस्ट फैयाज अंसारी और पूर्व इंडियन क्रिकेटर इरफान पठान के मेकअप आर्टिस्ट की वेस्टइंडीज में स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई. फैयाज के परिजनों का कहना है कि वह T20 वर्ल्ड कप में कमेंटेटर के रूप में शामिल पूर्व इंडियन क्रिकेटर इरफान पठान के साथ वेस्टइंडीज गया था. वहीं इस घटना के बाद से फैयाज के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है.फैयाज अंसारी के शव को यूपी भेजने के लिए क्रिकेटर इरफान ही पूरा खर्चा उठा रहे हैं.
मृतक फैयाज अंसारी मूल रूप से यूपी के बिजनौर के नगीना तहसील के मोहल्ला काजी सराय का रहने वाला था. वह कई सालों से मुंबई में मेकअप आर्टिस्ट काम कर रहा था. वहां पर उसकी सैलून की दुकान थी. इसी बीच एक दिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान उसके सैलून पर आए थे वहीं इन दोनों की जान पहचान हुई थी. कुछ दिनों बाद इरफान ने फैयाज को अपना पर्सनल मेकअप आर्टिस्ट बना लिया था. इस दौरान इरफान उसे विदेश भी लेकर जाते थे.
फैयाज के चचेरे भाई ने बताया कि इन दिनों वेस्टइंडीज और अमेरिका में टी20 वर्ल्ड कप 2024 खेला जा रहा था. टूर्नामेंट के सुपर आठ में मैच वेस्टइंडीज में ही खेला जा रहा था. इरफान भी मैच की कमेंट्री के लिए वेस्टइंडीज में ही है. वह अपने साथ मेकअप आर्टिस्ट फैयाज अंसारी को भी लेकर गए थे. इस दौरान वेस्टइंडीज से सूचना मिली है कि शुक्रवार शाम को फैयाद की एक होटल में स्विमिंग पूल में नहाते समय डूबने से मौत हो गई है.
मतृक मेकअप आर्टिस्ट फैयाज के भाई ने बताया कि फैयाज अंसारी की दो महीने पहले शादी हुई थी और वह आठ दिन पहले ही बिजनौर से मुंबई गया था. ऐसे में अचानक से हुए इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. पत्नी और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. बता दें कि इरफान पठान खुद ही वेस्टइंडीज में सभी औपचारिकता पूरी करने के बाद शव को भारत लाने की तैयारी कर रहे हैं. फैयाज का शव भारत आने के बाद दिल्ली में उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया में अभी तीन से चार दिन का वक्त लगेगा. फिलहाल बिजनौर में शव को दफनाने के लिए तैयारियां की जा रही है.