menu-icon
India Daily

IRCTC का बड़ा एक्शन, 168 ट्रेनों में की छापेमारी; 8349 अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त

IRCTC ने ट्रेनों और स्टेशनों पर अवैध खानपान के खिलाफ अभियान चलाकर 168 से अधिक ट्रेनों की जांच की. इस दौरान 8,349 अनधिकृत पानी की बोतलें और कई खाद्य उत्पाद जब्त किए गए.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
IRCTC का बड़ा एक्शन, 168 ट्रेनों में की छापेमारी; 8349 अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त
Courtesy: ai generated

नई दिल्ली: रेल यात्रा के दौरान यात्रियों को सुरक्षित भोजन और पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए IRCTC ने जांच अभियान तेज किया है. 17 अगस्त तक देशभर में 168 से ज्यादा ट्रेनों की पड़ताल की गई. कार्रवाई में बिना मंजूरी वाले पानी के अलावा आइसक्रीम, छाछ और अन्य खाद्य सामग्री भी पकड़ी गई.

लखनऊ से चंडीगढ़ तक बड़ी कार्रवाई

IRCTC की क्विक रिस्पॉन्स टीमों ने रेलवे के वाणिज्य विभाग के साथ मिलकर कई इलाकों में औचक जांच की. लखनऊ मंडल में 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच 117 ट्रेनों की जांच हुई और 5,241 अनधिकृत पानी की बोतलें मिलीं. वहीं चंडीगढ़ क्षेत्र में 51 ट्रेनों की पड़ताल के दौरान 3,108 बोतलें जब्त की गईं. अंबाला में जांच के दौरान बिना अनुमति वाली आइसक्रीम और फ्लेवर्ड मिल्क के 13 कार्टन भी पकड़े गए.

सहारनपुर से साबरमती तक पकड़ा गया सामान

सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर भी औचक निरीक्षण के दौरान अनधिकृत आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक और पैकेज्ड पानी की खेप पकड़ी गई. पश्चिमी क्षेत्र में साबरमती बीजी स्टेशन पर ट्रेन साइड वेंडिंग की जांच के दौरान बिना मंजूरी वाला पानी और छाछ जब्त की गई. पूर्वी क्षेत्र के हावड़ा स्टेशन पर भी अमानक खाद्य एवं पेय पदार्थ मिले, जिन्हें कार्रवाई के तहत मौके पर नष्ट किया गया. इन कार्रवाइयों का मकसद यात्रियों तक मानकों के अनुरूप सामान पहुंचाना है.

पूर्वोत्तर के स्टेशनों पर भी निगरानी

गुवाहाटी, कामाख्या, अगरतला, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और डिब्रूगढ़ जैसे स्टेशनों पर भी जांच अभियान चलाया गया. यहां केवल पानी और खाद्य पदार्थों की ही जांच नहीं हुई, बल्कि अधिक कीमत वसूलने, कर्मचारियों के पहचान और मेडिकल दस्तावेज, सफाई व्यवस्था तथा पेस्ट कंट्रोल जैसे मुद्दों को भी देखा गया. IRCTC ने संकेत दिया है कि त्योहारों के मौसम को देखते हुए अगस्त और सितंबर में निगरानी और तेज की जाएगी.

यात्रियों को भी रखना होगा सावधानी

IRCTC ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वेंडर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है. गंभीर मामलों में लाइसेंस रद्द करने जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं. ऐसे में यात्रियों के लिए जरूरी है कि वे ट्रेन या स्टेशन पर अधिकृत स्टॉल और विक्रेताओं से ही पैकेज्ड सामान खरीदें. किसी तरह की गड़बड़ी, अधिक कीमत या संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर यात्री तुरंत रेलवे की शिकायत व्यवस्था का इस्तेमाल कर सकते हैं.