बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार, 17 अगस्त 2026 को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया. इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से हार के बाद वह करीब 26 महीनों से केंद्रीय सक्रिय राजनीति और किसी आधिकारिक पद से दूर थीं. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी.
स्मृति ईरानी ने एक्स पर लिखा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल बीजेपी ने उनके जैसे साधारण कार्यकर्ता को तैयार किया और अब संगठन में योगदान के लिए राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व दिया है. उन्होंने इसे पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित व्यवस्था का सम्मान बताया. ईरानी ने कहा कि संगठन की सेवा का यह अवसर उनके लिए निष्ठा और समर्पण से जुड़ा विषय है.
स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में काम करने का अवसर मिलने पर आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वह हृदय से आभारी हैं. उन्होंने नई टीम को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध बताया.
विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल @BJP4India ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता का सृजन किया तथा उस संगठन में योगदान देने हेतु राष्ट्रीय महामंत्री का असाधारण दायित्व दिया जाना कार्यकर्ता-आधारित व्यवस्था का सम्मान है।
— Smriti Z Irani (@smritiirani) August 17, 2026
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री @NarendraModi जी के मार्गदर्शन तथा…
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन साधने की कोशिश दिखाई गई है. पार्टी की ओर से घोषित 65 पदाधिकारियों में 51 नए चेहरे शामिल हैं. इनमें छह नेताओं की उम्र 40 वर्ष से कम है, जबकि 15 नेता 40 से 49 वर्ष और 21 नेता 50 से 59 वर्ष के आयु वर्ग में हैं. वहीं कई अनुभवी नेताओं को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं.
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कई वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में इन अनुभवी चेहरों को शामिल किया गया है. पार्टी का कहना है कि नई टीम में संगठन के पुराने अनुभव और नई पीढ़ी के नेतृत्व का संतुलन कायम रखने का प्रयास किया गया है.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वह नई राष्ट्रीय टीम में शामिल होने वाले एकमात्र केंद्रीय मंत्री बताए गए हैं. उनके पिता वेद प्रकाश गोयल भी अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे थे और लंबे समय तक बीजेपी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
बीजेपी का यह संगठनात्मक फेरबदल आने वाले वर्षों में होने वाले विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है. नई टीम के जरिए पार्टी ने युवा चेहरों को आगे बढ़ाने के साथ अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में बनाए रखा है. स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी भी इसी व्यापक रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही है.