menu-icon
India Daily

होर्मुज खुलने से भारत को मिला बड़ा बूस्टर, होंगे तीन बड़े फायदे जिससे इकोनॉमी को मिलेगी रफ्तार

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह खोलने का ऐलान कर दिया. इससे कच्चे तेल की कीमतें 12 फीसदी लुढ़क गईं. भारत को आर्थिक राहत, शेयर बाजार में उछाल और सोने-चांदी में तेजी तीन बड़े फायदे हुए हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
होर्मुज खुलने से भारत को मिला बड़ा बूस्टर, होंगे तीन बड़े फायदे जिससे इकोनॉमी को मिलेगी रफ्तार
Courtesy: @BRICSinfo

28 फरवरी से ईरान और इजरायल के बीच छिड़ा युद्ध अब थमने के संकेत दे रहा है. इस झड़प में अमेरिका भी इजरायल के साथ कूद पड़ा था, जिससे पूरा मिडिल-ईस्ट तनाव की आग में जल रहा था. सबसे बुरा असर होर्मुज जलडमरूमध्य पर पड़ा, जहां से दुनिया के 20 फीसदी तेल और गैस की सप्लाई होती है. लेकिन अब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बड़ा ऐलान किया है – होर्मुज पूरी तरह खुल गया है. यह खबर आते ही दुनियाभर के बाजारों में भूचाल आ गया. भारत के लिए तो यह राहत लेकर आई है. आइए जानते हैं वो तीन बड़ी गुड न्यूज जो इस फैसले से भारत को मिली हैं.

पहली खुशखबरी- कच्चे तेल की कीमतें धड़ाम

होर्मुज खुलने की खबर फैलते ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम जमकर लुढ़क गए. शुक्रवार रात आठ बजे क्रूड ऑयल का भाव करीब 12 फीसदी टूटकर 83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं ब्रेंट क्रूड में 11 फीसदी से अधिक की गिरावट देखी गई और यह 87 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया. यानी तेल की कीमतें अब फरवरी के निचले स्तर से बस कुछ ही दूरी पर हैं. भारत के लिए यह बड़ी राहत है, क्योंकि देश अपनी जरूरत का 85 फीसदी तेल आयात करता है. तेल सस्ता होने से करेंट अकाउंट डेफिसिट कम होगा, सरकारी खजाने पर बोझ घटेगा और महंगाई पर भी लगाम लगेगी. आम आदमी को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा.

दूसरी खुशखबरी शेयर बाजार में उछाल के संकेत

होर्मुज मार्ग खुलते ही सप्लाई चेन की सारी बाधाएं दूर हो गई हैं. यह खबर शुक्रवार को भारतीय बाजार बंद होने के बाद आई, लेकिन इसका असर गिफ्ट निफ्टी पर साफ दिख रहा है. गिफ्ट निफ्टी में 2 फीसदी यानी 400 अंकों से ज्यादा की तेजी देखी जा रही है. यह सोमवार को भारतीय शेयर बाजार के लिए बंपर ओपनिंग का साफ संकेत है. खासतौर पर एचपीसीएल, बीपीसीएल, आईओसी जैसे तेल विपणन कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखी जा सकती है. साथ ही पेंट, टायर और एविएशन सेक्टर के शेयर भी उछल सकते हैं. वैश्विक तनाव कम होने से विदेशी निवेशकों का रुख भी भारतीय बाजारों के प्रति सकारात्मक हो सकता है, जो लंबे समय के लिए अच्छा संकेत है.

तीसरी खुशखबरी सोने-चांदी में जबरदस्त तेजी

आमतौर पर भू-राजनीतिक तनाव कम होने पर सोने के दाम गिर जाते हैं, लेकिन इस बार उलटा हुआ है. दरअसल, पिछले डेढ़ महीने में मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव से निवेशक घबरा गए थे और उन्होंने सोने-चांदी से भी किनारा कर लिया था. अब होर्मुज खुलने और युद्ध टलने की खबर से अचानक निवेशकों का रुझान सोने-चांदी की तरफ बढ़ गया है. वैश्विक बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी देखी जा रही है. भारत की बात करें तो एमसीएक्स पर चांदी 5 फीसदी चढ़कर 2.61 लाख रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही है. सोने में 1.50 फीसदी की तेजी आई है और 10 ग्राम सोना बढ़कर 1.55 लाख रुपये हो गया है. यह उन लोगों के लिए अच्छी खबर है जिन्होंने सोने-चांदी में निवेश किया है. कुल मिलाकर, होर्मुज का खुलना भारत के लिए एक बड़ा बूस्टर डोज साबित हो रहा है.