IMD Weather Update: नवंबर का आखिरी रविवार देश के कई राज्यों के लिए मौसम के लिहाज से अलग-अलग चुनौतियां लेकर आया है. कहीं सुबह की धुंध और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है तो कहीं बारिश और तेज हवाएं मौसम का मिजाज बदल सकती हैं.
29 नवंबर को दिल्ली-NCR में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. राजधानी में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी सुबह कोहरा छा सकता है. इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है. सुबह कुछ जगहों पर हल्की धुंध रह सकती है. लखनऊ में तापमान 27 और 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. बिहार में भी मौसम शुष्क रहेगा. पटना में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 19 डिग्री रह सकता है. झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी किसी बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं है. रांची में तापमान 24 और 13 डिग्री, जबकि कोलकाता में 26 और 17 डिग्री रह सकता है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. दोनों राज्यों में बारिश, आंधी या शीतलहर को लेकर कोई प्रमुख चेतावनी नहीं है. जयपुर में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं भोपाल में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 9 डिग्री तक रहने का अनुमान है. सुबह और रात के समय ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में मौसम सामान्य बना रह सकता है.
हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है. यह स्थिति 3 दिसंबर तक बनी रह सकती है. इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 3 और 4 दिसंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में फिलहाल बारिश और बर्फबारी की संभावना नहीं है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 29 नवंबर को मौसम सामान्य रहेगा. हालांकि, 2 दिसंबर की रात से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 4 दिसंबर को बारिश, बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, यानम और रायलसीमा में भी बारिश हो सकती है. हालांकि, इन क्षेत्रों के लिए भारी बारिश का कोई नया अलर्ट नहीं है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. कर्नाटक में मौसम शुष्क रह सकता है.