माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प की क्लाउड सेवा में गड़बड़ी आई है. इसका असर कई बड़ी कंपनियों में दिखा. कुछ फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा तो कुछ फ्लाइट डिले हुईं. कंपनियों में दोपहर करीब बारह बजे कई कर्मचारियों के लैपटॉप और कंप्यूटर अपने आप बंद हो गए. अकासा एयरलाइंस ने बताया कि उसकी कुछ ऑनलाइन सर्विसेज मुंबई और दिल्ली एयरपोर्ट पर अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी.
अकासा एयरलाइंस ने बताया कि चेक-इन सर्विसेज प्रभाविक हुई हैं. स्पाइसजेट ने कहा कि हम तकनीकी समस्या से जुझ रहे हैं. ऑस्ट्रेलिय में बैंकिंग, टेलीकॉम और मीडिया की सेवाएं प्रभावित हुई है. संयुक्त राज्य अमेरिका के कई भागों में आपातकालीन 911 सेवाएं बाधित रहीं, तथा गैर-आपातकालीन कॉल सेंटर भी इस व्यवधान के कारण काम नहीं कर रहे थे.
ब्रिटेन के स्काई न्यूज़ ने कहा कि वे प्रसारण करने में असमर्थ हैं. स्काई न्यूज़ आज सुबह लाइव टीवी प्रसारण करने में असमर्थ है, वर्तमान में दर्शकों से कह रहा है कि हम व्यवधान के लिए माफ़ी मांगते हैं. इंग्लैंड में डॉक्टरों द्वारा उपयोग की जाने वाली स्वास्थ्य बुकिंग प्रणाली ऑफ़लाइन हो गई है.
बर्लिन एयरपोर्ट ने तकनीकी खराबी के कारण दोपहर 1.30 बजे (भारतीय समयानुसार) तक सभी उड़ानें रोक दी हैं. एयरपोर्ट ऑपरेटर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस गड़बड़ी के कारण चेक-इन में देरी हुई.
लंदन स्टॉक एक्सचेंज की सेवाएं बाधित हुईं. अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा और यूनाइटेड सहित प्रमुख अमेरिकी एयरलाइनों ने कथित तौर पर सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं. नीदरलैंड का शिफोल हवाई अड्डा वैश्विक आउटेज से प्रभावित हुआ है. यात्रियों को अपनी एयरलाइन्स से संपर्क करने की सलाह दी गई है.
माइक्रोसॉफ्ट के ऑपरेशन में आई गड़बड़ी के कारण भारत में भी असर देखने को मिला. दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु और मुंबई में कई कंपनियों के सिस्टम एकाएक ठप हो गए. स्क्रीन ब्लू हो गया. स्क्रीन पर एक मैसेज भी लिखा हुआ आया था. जिसमें लिखा था कि आपके सिस्टम को रीस्टार्ट करने की जरूरत है.