Bengaluru Police: बेंगलुरु पुलिस ने अपने खोजी कुत्ते की मदद से न सिर्फ हत्या के आरोपी को दबोच लिया, बल्कि एक महिला की हत्या होने से भी बचा लिया. मामला कर्नाटक के दावणगेरे जिले का है. आरोपी की पहचान रंगास्वामी के रूप में हुई है, जिस पर संतोष नाम के शख्स की हत्या का आरोप है. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वे वारदात को इसलिए अंजाम दिया था, क्योंकि उसे शक था कि संतोष और उसकी पत्नी का अवैध संबंध है.
संतेबेन्नुर के बड़ा रोड पर पेट्रोल पंप के पास बुधवार को संतोष की चाकू मारकर हत्या की गई थी. वारदात की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और खोजी कुत्ते तुंगा की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई.
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस जब डोबरमैन प्रजाति के खोजी कुत्ते को घटनास्थल पर ले गई, तो वो इधर-उधर सूंघता हुआ घटनास्थल से आरोपी के घर की ओर भागा, जो करीब 8 किलोमीटर दूर था. खोजी कुत्ते के साथ पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची, तो देखा कि आरोपी अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था. पुलिस ने वहां पहुंचते ही हत्या के आरोपी को दबोच लिया और महिला को बचा लिया.
एसपी उमा प्रशांत ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी रंगास्वामी ने स्वीकार किया कि उसने संतोष की हत्या की थी. उसने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि संतोष का उसकी पत्नी से अवैध संबंध था. एसपी ने बताया कि संतोष की हत्या करने के बाद आरोपी रंगास्वामी घर गया और अपनी पत्नी के साथ मारपीट की.
एसपी ने कहा कि आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह अपनी पत्नी पर हमला कर रहा था. हत्या के समय रंगास्वामी के साथ मौजूद उसके दोस्तों हनुमंथप्पा और महारुद्रप्पा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. इस संबंध में संथेबेन्नूर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है.
30 साल की महिला पिटाई के बाद गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी रंगास्वामी ने ये भी कहा कि अगर पुलिस ने उसे नहीं रोका होता, तो वो अपनी पत्नी की हत्या कर देता. खोजी कुत्ते को संभालने वाले कांस्टेबल शफीउल्ला के मुताबिक, जब तुंगा-2 को घटनास्थल पर ले जाया गया, तो उसने भौंकना शुरू कर दिया और एक तरफ भागने लगा. मुझे एहसास हुआ कि उसने संदिग्ध की गंध पकड़ ली है. फिर वो गंध वाले दिशा में दौड़ने लगा.
तुंगा-2 एक घर के सामने रुका, जहां एक घर के अंदर से आवाजें आ रही थीं. अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल घर का मुख्य दरवाज़ा तोड़ दिया. अंदर जाने के बाद देखा कि एक शख्स अपनी पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर रहा है. आरोपी की पहचान 30 साल के रंगास्वामी के रूप में की गई, जो संतोष कुमार की हत्या का आरोपी है.
IG ईस्ट रेंज रमेश बनोथ ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि ये एक दुर्लभ मामला था, जहां एक पुलिस कुत्ते ने किसी इंसान की हत्या को टाल दिया. उन्होंने कहा कि हमारे पास एक और स्निफर डॉग था, जिसका नाम तुंगा था. 2022 में उसकी मौत हो गई थी. उसने 70 हत्या के मामलों को सुलझाने में दावणगेरे पुलिस की मदद की थी. उसकी याद में, हमने इस कुत्ते का नाम तुंगा-2 रखा. तुंगा-2 पिछले साल कुत्तों के दस्ते में शामिल हुआ था.