उत्तर प्रदेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला को उसके पति ने वाट्सएप पर तलाक दे दिया. पुलिस में शिकायत दर्ज होने पर पति ने गलती मानी और फिर से निकाह कर पहले की तरह बतौर पत्नी रखने पर हामी भर दी. आरोप है कि इसके लिए शरीयत के मुताबिक विवाहिता के जेठ से हलाला करा पति ने दोबारा निकाह कर दिया लेकिन हलाला के बाद भी जेठ उसका यौन शोषण करता रहा. विवाहिता ने जेठ की हरकत की शिकायत पति से की तो आरोप है कि पति ने दोबारा तलाक दे दिया है. अब विवाहिता की शिकायत पर इस मामले में पति जेठ समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है.
यह घटना बरेली जिले के कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव की है. इस गांव की विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसका गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन प्रेमी के परिजन दहेज में पांच लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे. जिस कारण शादी नहीं होने दे रहे थे. विवाहिता का कहना है कि प्रेमी ने उसे बातों में फंसा लिया और मेरे माता पिता से एक लाख रुपये लेकर निकाह कर लिया.
पीड़िता के मुताबिक ससुराल वाले इस रिश्ते खुश नहीं थे. वे हमेशा उसे प्रताड़ित करते थे. साल 2021 में उसका पति दुबई चला गया. इस बीच किसी बात पर विवाद होने के बाद पति ने दुबई से ही वाट्सऐप पर मैसेज के जरिए तलाक दे दिया लेकिन शरीयत के मुताबिक दूसरा निकाह तब होगा जब उसे हलाला करना होगा इसके लिए विवाहिता का जेठ से हलाला करवाया गया.
उसके बाद 19 जुलाई 2022 को पति से दोबारा निकाह करा दिया. आरोप है कि निकाह होने के बाद जेठ उसका शारीरिक शोषण करता रहा. जनवरी में पति को सारी बात बताई तो उसने दोबारा तलाक दे दिया और घर से निकाल दिया. इसके बाद विवाहिता किराए के मकान में रहने लगी. आरोप है कि अब ससुराल पक्ष के लोग दोबारा हलाला कराने का प्रेशर बना रहे हैं ताकि तीसरी बार भी पहले पति से निकाह कराया जा सके. वहीं पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है.