Gwalior Crime News: ग्वालियर के थाटीपुर थाना इलाके से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां के रहने वाले दीनू टैगोर नाम के शख्स ने अपनी पत्नी की पहले हत्या की और शव जला दिया. रात में ही अस्थियों को चंबल नदी में प्रवाहित करके थाने पहुंच गया और गुमशुदगी दर्ज करवाई. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, पूरा मामला ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र का है, जहां के रहने वाले दीनू टैगोर ने 31 दिसंबर को अपनी पत्नी चंचल की हत्या कर दी. दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी को धक्का दिया और वह गिर गई. इसके बाद उसने गला दबाकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद दीनू ने अपने पिता को फोन करके पूरी जानकारी दी. पिता जरदान मुरैना से एंबुलेंस लेकर ग्वालियर पहुंचे और शव को रखकर रात में ही वापस मुरैना के लिए निकल लिए. मुरैना में शव लाने के बाद रात में ही उसको जलाया और चंबल नदी में अस्थियों को प्रवाहित कर दिया.
1 जनवरी को आरोपी पति ने दर्ज कराई FIR
1 जनवरी को दीनू ग्वालियर के थाटीपुर थाने पहुंचा और वहां पर उसने शिकायत दर्ज कराई की उसकी पत्नी झगड़ा करके 31 दिसंबर की रात से कहीं चली गई है. एडिशनल एसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही थी. इसी बीच मृतका के मायके वालों ने बताया कि वह फरार नहीं है, बल्कि उसकी हत्या की गई है.
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
मायकों वालों की तरफ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच की तो मामला सही पाया गया. इसके लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसके बाद इस वारदात की पोल खुल गई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.