menu-icon
India Daily

'गौरव गोगोई पाकिस्तान कनेक्शन', असम सरकार ने केंद्र को सौंपा मामला, राष्ट्रीय सुरक्षा का दिया हवाला

असम सीएम ने कहा कि वे गोगोई को गिरफ्तार जैसे कदम नहीं उठा रहे, क्योंकि असम विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसा करने पर उन पर राजनीति का आरोप लगेगा.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'गौरव गोगोई पाकिस्तान कनेक्शन', असम सरकार ने केंद्र को सौंपा मामला, राष्ट्रीय सुरक्षा का दिया हवाला
Courtesy: @shaheena451

असम सरकार ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तान कनेक्शन वाले मामले को केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) बनाया था, जिसने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है. कैबिनेट ने माना कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए इसे केंद्र को सौंपा जा रहा है.

भारत विरोधी साजिश से जुड़ा है मामला

सरमा ने बताया कि यह मामला 'भारत विरोधी साजिश' से जुड़ा है, जिसमें पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख, एक ब्रिटिश नागरिक और एक सांसद शामिल हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबोर्न पहले पाकिस्तान में काम कर चुकी हैं और शेख से उनके पेशेवर रिश्ते थे.

सरमा ने कहा, "अगर असम के सांसद गौरव गोगोई का पाकिस्तान से कोई कनेक्शन है, तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. मुझे पता चला कि गौरव गोगोई ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ पाकिस्तान हाई कमीशन का दौरा किया और तत्कालीन हाई कमिश्नर अब्दुल बासित से मिले. मैं किसी नेता को याद नहीं करता जो प्रतिनिधिमंडल लेकर पाकिस्तान हाई कमीशन गया हो."

गोगोई की पत्नी ने पाकिस्तान में किया काम

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गोगोई ने पाकिस्तान यात्रा के दौरान सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी और केंद्र सरकार को इसकी जानकारी नहीं दी. उन्होंने दावा किया कि गोगोई की पत्नी ने मार्च 2011 से मार्च 2012 तक पाकिस्तान में काम किया और शेख के साथ पेपर लिखे. शेख पाकिस्तान की योजना और आपदा प्रबंधन एजेंसियों में सलाहकार रहे हैं. 

सरमा ने कहा, "एसआईटी ने संवेदनशील जानकारी जुटाई है, लेकिन राज्य पुलिस के पास टेलीफोन रिकॉर्ड जैसी चीजों तक पहुंच नहीं है, इसलिए केंद्र को मामला सौंपा जा रहा है. एसआईटी की रिपोर्ट और एफआईआर केंद्र को भेजी जाएगी."

असम सीएम ने कहा कि वे गोगोई को गिरफ्तार जैसे कदम नहीं उठा रहे, क्योंकि असम विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और ऐसा करने पर उन पर राजनीति का आरोप लगेगा. सीएम ने कहा कि वे रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में गैर-गोपनीय जानकारी साझा करेंगे.

गौरव गोगोई ने आरोपों को बताया आधारहीन

गौरव गोगोई ने इन आरोपों को 'बकवास और आधारहीन' बताते हुए खारिज कर दिया है. उन्होंने सरमा पर आईटी सेल ट्रोल जैसा बर्ताव करने का आरोप लगाया. हालांकि कांग्रेस नेता ने अभी केंद्र को मामला सौंपे जाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

कांग्रेस मुख्यालय असम विरोधी गतिविधियों का अड्डा

सरमा ने कांग्रेस मुख्यालय को 'असम विरोधी गतिविधियों का अड्डा' बताया और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर मानहानि का केस करने की बात कही. बता दें कि असम में जल्द विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसलिए यह मुद्दा और गरमा सकता है.