menu-icon
India Daily

India US Trade Deal: व्यापार वार्ता में शांत रहना जरूरी, लेकिन कभी-कभी प्रभाव डालने के लिए आप अपना आपा खो सकते हैं: पीयूष गोयल

शनिवार को पीयूष गोयल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारत अमेरिका व्यापार समझौते के प्रमुख बिंदुओं के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि भारत ने अपने किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
India US Trade Deal: व्यापार वार्ता में शांत रहना जरूरी, लेकिन कभी-कभी प्रभाव डालने के लिए आप अपना आपा खो सकते हैं: पीयूष गोयल
Courtesy: @ani_digital

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि व्यापार वार्ता में शांत रहना महत्वपूर्ण है लेकिन कभी-कभी प्रभाव डालने के लिए आप अपना आपा खो सकते हैं. मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि व्यापार बातचीत में सब कुछ तीक्ष्ण बुद्धि और भविष्य की दूरदृष्टि रखने की क्षमता पर निर्भर करता है.

बता दें व्हाइट हाउस ने 6 फरवरी को घोषणा की थी कि भारत और अमेरिका ने एक-दूसरे को पारस्परिक और परस्पर व्यापारिक लाभ देने के उद्देश्य से एक अंतरिम समझौते को अंतिम रूप दिया है. शनिवार को पीयूष गोयल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारत अमेरिका व्यापार समझौते के प्रमुख बिंदुओं के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि भारत ने अपने किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया है.

ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने उन उत्पादों के बारे में बताया जिन पर दोनों देश टैक्स कम करेंगे, उन उत्पादों के बारे में भी बताया जो कर मुक्त होंगी. साथ ही उन्होंने इस समझौते से निर्यातकों, किसानों और एमएसएमई को होने वाले फायदों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी.

इससे पहले भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की महत्ता के बारे में बताते हुए गोयल ने कहा कि आज का दिन सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा. गोयल ने कहा कि इस समझौते के बाद भारत के निर्यातकों की 30 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था तक पहुंच संभव होगी. उन्होंने यह भी कहा कि टैरिफ के 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत होने से भी देश के निर्यातकों को लाभ होगा. 

उन्होंने कहा कि यह समझौता प्रत्येक भारतीय नागरिक को एक नई आशा, उत्साह और नए संकल्पों का अवसर देता है. केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि अब हमारे देश पर अन्य देशों की तुलना में बेहद कम टैरिफ है. उन्होंने कहा कि अब आभूषणों, दवाइयों के निर्यात पर किसी प्रकार का टैक्स नहीं लगेगा.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि इस समझौते से भारत के किसानों, एमएसएमई, कारीगरों, शिल्पकारों को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होगा. उन्होंने कहा कि समझौते में किसानों और डेयरी सेक्टर के हितों की पूरी तरह से सुरक्षा की गई है.