menu-icon
India Daily

पिकनिक मनाने गया परिवार बना हमले का शिकार, छेड़छाड़ का विरोध करने पर 15 किमी पीछा कर तोड़ी कार

महाराष्ट्र के इगतपुरी में पिकनिक मनाने पहुंचे एक परिवार के साथ सनसनीखेज घटना सामने आई है. महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर 10-12 लोगों ने परिवार की कार का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया, लोहे की रॉड से हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पिकनिक मनाने गया परिवार बना हमले का शिकार, छेड़छाड़ का विरोध करने पर 15 किमी पीछा कर तोड़ी कार
Courtesy: X (@imvivekgupta)

महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक परिवार रविवार को इगतपुरी के भवली बांध और झरने वाले इलाके में घूमने पहुंचा था. परिवार में कुल आठ सदस्य थे, जिनमें चार बच्चे भी शामिल थे. दिनभर घूमने और पानी में समय बिताने के बाद जब परिवार लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी कथित तौर पर वहां मौजूद दो लोगों ने परिवार की एक महिला से अभद्र व्यवहार किया. 

महिला और उसके पति ने इस हरकत का विरोध करते हुए आरोपियों से सवाल किया. लेकिन विरोध करने पर मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया. पीड़िता के अनुसार, विरोध के कुछ ही देर बाद वहां मौजूद अन्य लोग भी आरोपियों के साथ आ गए.

कार पर लगातार किया गया हमला

पीड़िता का आरोप है कि देखते ही देखते करीब 10 से 12 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और परिवार के साथ बदसलूकी शुरू कर दी. हालात बिगड़ते देख परिवार वहां से निकलने के लिए अपनी कार में बैठ गया. आरोप है कि हमलावरों ने कार को रोक लिया और उसकी खिड़कियां तोड़नी शुरू कर दीं. इसके बाद भी मामला यहीं नहीं रुका. परिवार का कहना है कि हमलावरों ने करीब 15 किलोमीटर तक उनकी कार का पीछा किया और जब भी यातायात के कारण वाहन की गति धीमी हुई, उन्होंने लोहे की रॉड से कार पर हमला किया. इस हमले में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

घटना के बाद सदमे में पूरा परिवार

घटना के समय कार में चार बच्चे भी मौजूद थे. पीड़िता ने बताया कि बच्चे अब भी इस घटना से सहमे हुए हैं. परिवार को लगातार यह डर बना रहा कि यदि वे कहीं रुक गए तो हमलावर उनकी जान ले सकते हैं. कुछ आरोपी दोपहिया वाहनों पर भी कार का पीछा कर रहे थे. पीड़िता ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ का विरोध करने की इतनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी. उनके अनुसार, पूरे घटनाक्रम ने परिवार को मानसिक रूप से झकझोर दिया है. पुलिस ने मामले में अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से हत्या का मामला भी दर्ज है.