Dunki Route: जब से अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट किया गया है, तब से डंकी रूट को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इसे लेकर कई लोगों ने अपनी आपबीती बताई है. हाल ही में आई खबर के अनुसार, पंजाब के एक युवक की दिल का दौरा पड़ने से गुयातेमाला में मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब वह अवैध मार्ग से अमेरिका जाने की कोशिश कर रहा था.
पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह ढिल्लों ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी. उन्होंने मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह के रूप में की, जो अमृतसर जिले के अजनेला गांव का रहने वाला था.
गुरप्रीत सिंह अमेरिका जाने के लिए 'डंकी रूट' का इस्तेमाल कर रहा था, जो एक अवैध मार्ग है और अक्सर प्रवासी इस रास्ते से अमेरिका पहुंचने की कोशिश करते हैं. उनके परिवार ने इसके लिए एजेंट्स को 16.5 लाख रुपये भी दिए थे. बता दें कि इस रास्ते पर जान का जोखिम होता है, जो कई बार जानलेवा भी साबित होता है.
कुलदीप सिंह ढिल्लों ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और लोगों को अपील की है कि इस तरह के अवैध रास्तों से बचना चाहिए और इसके बजाय भारत में स्किल एजुकेशन लेनी चाहिए. उन्होंने बताया कि यह घटना एक और उदाहरण है कि अवैध प्रवासन के रास्ते पर जाने से जान का खतरा बढ़ जाता है. मंत्री ने युवाओं से यह भी अपील की कि वे अपने पैसे का इस्तेमाल राज्य में बिजनेस शुरू करने के लिए करें.
बता दें कि यह घटना उस समय सामने आई है जब 5 फरवरी को 104 भारतीय प्रवासियों, जिनमें पंजाब के 30 लोग शामिल थे, को अमेरिकी सैन्य विमान से वापस भारत भेजा गया था. यह सब अवैध प्रवासन की समस्या को और उजागर करता है.