menu-icon
India Daily

ओल्ड राजेंद्र नगर में एक्शन जारी, जहां डूबे स्टूडेंट्स वहीं चलने लगा बुलडोजर, कई बेसमेंट सील

Old Rajendra Nagar: दिल्ली के ओल्ड नगर में हुए हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने आज अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया है. इस मामले में लगातार जांच जारी है और अभी तक कुल 7 लोगों को गिरफ्तार भफी किया जा चुका है. बता दें कि इस हादसे में कुल तीन अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी और बाकियों को बड़ी मुश्किल से निकाला गया था.

India Daily Live
ओल्ड राजेंद्र नगर में एक्शन जारी, जहां डूबे स्टूडेंट्स वहीं चलने लगा बुलडोजर, कई बेसमेंट सील
Courtesy: Social Media

दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में हुए हादसे के बाद बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है. जिस Rau's IAS कोचिंग में यह हादसा हुआ था उसी के पास दिल्ली नगर निगम का बुलडोजर पहुंच गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, एमसीडी ने ओल्ड राजेंद्र नगर की कई इमारतों के बेसमेंट को सील किया जा चुकी है. इतना ही नहीं, अब एमसीडी के कई इंजीनियरों को भी सस्पेंड कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि अब तक उसने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दूसरी तरफ, छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और मुआवजे के साथ-साथ व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन, दिल्ली पुलिस और एमसीडी के अधिकारियों की मौजूदगी में ओल्ड राजेंद्र नगर में जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण को हटाया जा रहा है. साथ ही, सड़क पर खुदाई करके जल निकासी की व्यवस्था भी की जा रही है. वहीं, ओल्ड राजेंद्र नगर का यह मामला देश की संसद में भी गूंज रहा है. राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में सवाल उठाया है कि नालों और नालियों की सफाई क्यों नहीं कराई गई. दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज ने भी मांग की है कि एक कमेटी बनाकर इस मामले की जांच कराई जाए.

हर तरफ से उठ रहे सवाल

सांसद बांसुरी स्वराज ने संसद में कहा कि दिल्ली सरकार की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ क्योंकि नालों की सफाई नहीं कराई गई. सपा के मुखिया अखिलेश यादव, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और अन्य नेताओं ने भी इस पर सवाल उठाए. अखिलेश यादव ने तो यह भी कहा कि यूपी में अवैध इमारतों पर बुलडोजर चल जाता है. बता दें कि इस हादसे में तीन स्टूडेंट्स की डूबने के चलते मौत हो गई थी. अभी तक पुलिस ने कोचिंग से जुड़े दो लोगों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है.

दिल्ली पुलिस ने बताया है कि उस शख्स को भी गिरफ्तार कर लिया गया है जो तेज रफ्तार से कार लेकर गुजरा था और उसी के चलते वह दरवाजा टूट गया जिससे पानी को रोका जा रहा था. बता दें कि हादसे के बाद नगर निगम ने कई कोचिंग के बेसमेंट सील कर दिए हैं. दिल्ली पुलिस ने भी साफ कहा है कि बेसमेंट में किसी भी तरह की कमर्शियल गतिविधि की अनुमति नहीं है.

 

 

इस खबर को अपडेट किया जा रहा है.