Flight Affected Due To Delhi Rainfall: दिल्ली और एनसीआर में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है. लगातार होती बारिश से सड़क से लेकर हवाई उड़ान प्रभावित हुआ है. इस बीच प्रमुख एयरलाइंस जैसे स्पाइसजेट और एयर इंडिया ने मंगलवार को यात्रियों के लिए ताजा अलर्ट जारी किया है. इन एयरलाइंस ने उड़ानों में संभावित देरी और परिचालन में व्यवधान की आशंका जताई है.
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, "लगातार बारिश के कारण मंगलवार को दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है. कृपया जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें और हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय दें." स्पाइसजेट ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर चेतावनी दी, "दिल्ली (DEL) में खराब मौसम की वजह से सभी अराइवल और डिपार्चर और उनसे संबंधित उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं. यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति पर नज़र रखें."
#TravelAdvisory
— Air India (@airindia) August 26, 2025
Persistent rain may affect flight operations to and from Delhi today.
Please check your flight status at https://t.co/5vemTRNKgu before leaving, and allow extra travel time to the airport.
मौसम विभाग की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन में दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने कहा, "जम्मू, कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में मध्यम से तीव्र वर्षा के लिए औरेंज से रेड अलर्ट की चेतावनी है." नोएडा और गाजियाबाद में भी दिनभर बूंदाबांदी और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि गुड़गांव और फरीदाबाद में गरज और बिजली के साथ मध्यम बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
#WeatherUpdate: Due to bad weather in Delhi (DEL), all departures/arrivals and their consequential flights may be affected. Passengers are requested to keep a check on their flight status via https://t.co/2wynECYWr0.
— SpiceJet (@flyspicejet) August 26, 2025
यमुना का बढ़ता जलस्तर
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है. पुराने यमुना पुल के पास ली गई तस्वीरों में जलस्तर 205 मीटर के आसपास दिखाई दे रहा है. क्षेत्रीय मौसम केंद्र (आरएमसी) दिल्ली के मुताबिक, भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन हल्की बारिश और बूंदाबांदी पूरे दिन जारी रह सकती है.