Delhi News: यूपीएससी कोचिंग का गढ़ माने जाने वाले दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर के एक बेहद मशहूर Raus IAS कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से हुई तीन छात्रों की मौत ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. आंखों में आईएएस बनने का सपना पाले इन छात्रों ने कल्पना भी नहीं की होगी कि उन्हें मौत इस तरह से अपने आगोश में लेगी. तीन छात्रों की मौत के बाद दिल्ली की सड़कों पर जिस तरह का जन आक्रोश देखने को मिला आखिर उसके बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) की आंख खुल ही गई. MCD ने अब 13 कोचिंग सेंटरों के बेसमेंट को सील कर दिया है. एमसीडी ने रविवार को यह जानकारी दी.
आरोपी भेजे गए जेल
एमसीडी ने यह कदम कोर्ट द्वारा राउज कोचिंग सेंटर के मालिक और समन्वयक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद उठाया है. हादसे के बाद पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक अभिषेक गुप्ता और कॉर्डिनेटर देशपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया था.
Old Rajinder Nagar incident | MCD seals basements of 13 Civil Services Institutes, after the tragic incident in a coaching centre, yesterday: MCD
— ANI (@ANI) July 28, 2024
मरने वाले तीनों छात्र कौन थे
मरने वाले तीनों छात्र नेविन डाल्विन, श्रेया यादव और तान्या सोनी थे. 28 साल के नेविन डाल्विन केरल के रहने वाले थे और जेएनयू से पीएचडी कर रहे थे और पिछले आठ महीने से पटेल नगर में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे. वहीं श्रेया यादव यूपी के अंबेडकर नगर की रहने वाली थीं. उन्होंने पिछले महीने ही कोचिंग सेंटर में दाखिला लिया था.
वहीं 25 साल की तान्या सोनी तेलंगाना की रहने व वाली थीं. इससे चार दिन पहले दिल्ली के पटेल नगर में करंट लगने से यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र नीलेश राय की मौत हो गई थी. नीलेश बीटेक कर चुके थे और यूपीएससी की प्रीलिम्स परीक्षा पास कर चुके थे.
कैसे हुआ था ये हादसा
शनिवार शाम को कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भर गया था. इस बेसमेंट में एक लाइब्रेरी बनी थी जिसमें लोग पढ़ाई कर रहे थे. जिस समय बेसमेंट में पानी भरा वहां करीब 35 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे. पानी भरने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने बेसमेंट में फंसे बच्चों को निकालना शुरू किया, ज्यादातर छात्रों का रेस्क्यू कर लिया गया लेकिन तीन छात्र उस पानी में ही डूब गए.