दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान छात्र कार्यकर्ता निशु के पिता संजय कुमार के सिर पर हमला करने के आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज ने इसे आत्मरक्षा बताया है. भारद्वाज ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि भीड़ उसे घेरकर पीटने की स्थिति में पहुंच गई थी.
भारद्वाज ने कहा कि उसने संजय कुमार के सिर पर लोहे का कड़ा आत्मरक्षा में मारा था. उसने यह भी कहा कि अगर भविष्य में उसे इसी तरह घेरकर निशाना बनाने की कोशिश हुई, तो वह दोबारा कड़े का इस्तेमाल करेगा.
भारद्वाज पर आरोप है कि उसने एक पॉडकास्ट में हमले का जिक्र करते हुए दावा किया था कि उसने संजय कुमार की ‘खोपड़ी फोड़ दी’ और उन्हें 60 टांके लगे. वायरल वीडियो में वह यह कहते भी सुनाई दिया कि उसके खिलाफ गंभीर कार्रवाई नहीं हुई. बाद में उन्होंने अपने बयान को मजाक में कही गई बात बताया और कहा कि वह भीड़ से घिरा हुआ था.
इस घटना को लेकर CJP समर्थकों ने दिल्ली में पटेल चौक से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन तक मार्च किया. यह मार्च सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका के नेतृत्व में हुआ. आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद भी प्रदर्शन में शामिल हुए. मार्च के दौरान CJP ने आरोपी की गिरफ्तारी और FIR में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग की.
CJP का कहना है कि संजय कुमार दलित परिवार से है, इसलिए मामले में SC/ST Act के प्रावधान भी लगाए जाने चाहिए. संगठन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस से लगातार कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं हुई.
प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने FIR में SC/ST Act की धाराएं जोड़ने का फैसला किया. साथ ही संजय कुमार का दोबारा मेडिकल टेस्ट कराने की बात कही गई. हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने का फैसला मेडिकल जांच की रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा.
निशु ने ANI के हवाले से कहा कि पुलिस ने आरोपी को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने FIR में गंभीर धाराएं जोड़ने और अपनी सुरक्षा की भी मांग की. निशु ने सोशल मीडिया पर कथित धमकियों को लेकर अलग शिकायत और FIR दर्ज होने की बात भी कही.
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार शाम जारी फैक्ट-चेक में कहा कि 38 वर्षीय संजय कुमार को लगी चोटें ‘साधारण प्रकृति’ की थीं. RML अस्पताल की MLC रिपोर्ट का हवाला देते हुए पुलिस ने कहा कि खोपड़ी में फ्रैक्चर होने की जानकारी तथ्यों से समर्थित नहीं है. पुलिस के मुताबिक चोट कड़े से लगी थी, किसी हथियार से नहीं.
पुलिस ने बताया कि संजय कुमार की शिकायत के आधार पर 24 वर्षीय सूरज कुमार और 21 वर्षीय स्वतंत्र भारद्वाज को नोटिस देकर पूछताछ की गई है. पुलिस के अनुसार कानूनी कार्रवाई की गई है और जल्द ही सक्षम अदालत में जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी.