Darul Uloom Madrasa Deoband student arrested by ATS: सोशल मीडिया पर 'पुलवामा जैसा हमला जल्द होगा' वाला पोस्ट करने के आरोप में यूपी एटीएस ने झारखंड के एक छात्र को हिरासत में लिया गया है. बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया छात्र देवबंद के दारुल उलूम मदरसा में पढ़ाई करता था. छात्र की पहचान मोहम्मद तलहा मजहर के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मूलरूप से झारखंड के सरायकेला खरसावां का रहने वाला है. फिलहाल, वह देवबंद में तालीम हासिल कर रहा था. आरोपी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट डाला था, जिसमें लिखा था- बहुत जल्द दूसरा पुलवामा भी होगा. फिलहाल, यूपी एटीएस हिरासत में लिए गए छात्र से पूछताछ कर रही है.
मामले के संबंध में एक प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज की गई थी. बता दें कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से हथियार बरामद किए गए थे.संदिग्धों से सेना और पुलिस संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है.
फरवरी 2019 में पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था. हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 से अधिक जवान मारे गए थे. घटना उस वक्त हुई थी जब सीआरपीएफ जवानों को बसों के जरिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते ले जाया जा रहा था. हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) ने ली थी.