नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवादियों हमले में मारे गए चार सैनिकों के बाद सुरक्षा की समीक्षा करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राजौरी पंहुच गए है. इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे लिए हर सैनिक बेहद महत्वपूर्ण है, हमारा हर एक सैनिक परिवार के सदस्य के समान है. आपके ऊपर कोई नजर डाले यह हमें कतई बर्दाश्त नहीं है. इस प्रकार की घटनाओं को रोकने में सिक्योरिटी और इंटेलिजेंस एजेंसी दोनों महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. इसके लिए शासन की तरफ से जिस भी सहयोग की आवश्यकता होगी उसके लिए सरकार का खज़ाना खुला हुआ है.
Interaction with troops in Rajouri. https://t.co/26ogZUsizE
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) December 27, 2023
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस दौरान आतंकवाद विरोधी अभियानों और मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे. पुंछ में सेना के वाहन पर हमले पिछले सप्ताह गुरुवार को हथियारों से लैस आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया था, जिसमें चार सैन्यकर्मी मारे गए थे, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे को लेकर जम्मू में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. स्थानीय सेना कमांडर राजनाथ सिंह को वर्तमान सुरक्षा हालात के बारे में जानकारी देंगे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का क्षेत्र में नागरिकों के साथ बातचीत करने और आतंकवादियों की ओर से मारे गए जवानों के परिवारों तक पहुंचने का भी कार्यक्रम है. इससे पहले इस सप्ताह की शुरुआत में थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए पुंछ का दौरा किया था.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सैनिकों पर बढ़ते हमलों के साथ-साथ पुंछ-राजौरी सेक्टर में पाकिस्तानी आतंकवादियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सैनिकों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. कुछ महीने पहले क्षेत्र में एक अतिरिक्त ब्रिगेड का गठन किया गया था. यह योजना बनाई गई है कि आतंकवाद विरोधी अभियानों पर लगाम लगाई जाएगी. इस कदम से क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी ग्रिड मजबूत होने और स्थानीय आबादी का विश्वास बढ़ने की उम्मीद है.
पुंछ जिले में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए है जबकि डेरा की गली के जंगली इलाके में तलाशी अभियान जारी है, जहां पिछले हफ्ते सीमा पार से भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया था. जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर के डेरा की गली के वन क्षेत्र में बीते गुरुवार को हुए आतंकी हमले में सेना के पांच जवान शहीद हो गए और तीन अन्य घायल हो गए थे. दरअसल 21 दिसंबर को दोपहर करीब 3.45 बजे, ऑपरेशनल साइट पर सैनिकों को ले जा रहे सेना के दो वाहनों पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की. जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई. जिसमें हमारे पांच जवान शहीद हो गए.