ISRO Mission Aditya L1: चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने के कुछ घंटों बाद, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रमुख एस सोमनाथ (S Somanath) ने कहा है कि अब सूर्य का अध्ययन करने के लिए आदित्य-एल1 (Aditya L1) मिशन शुरू किया जाएगा. संभव है कि इस मिशन को सितंबर के पहले सप्ताह में लॉन्च किया जाएगा. आदित्य-एल1 सूर्य का अध्ययन करने वाली पहली अंतरिक्ष-आधारित भारतीय वेधशाला होगी.
अब सूर्य की बारी
सूर्य का अध्ययन करने वाले मिशन आदित्य-एल1 के बारे में जानकारी देते हुए इसरो प्रमुख ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सबकुछ योजना के अनुसार चल रहा है. "सूर्य का अध्ययन करने के लिए आदित्य-एल1 का मिशन जल्द ही लॉन्च किया जाएगा. हम इसे सितंबर के पहले सप्ताह में लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं. ये लॉन्च एक अंडाकार कक्षा में जाएगा और वहां से यात्रा करेगा."
भारत ने रचा इतिहास
बता दें कि इससे पहले 14 अगस्त को इसरो ने सूर्य का अध्ययन करने वाली पहली अंतरिक्ष आधारित भारतीय वेधशाला मिशन आदित्य-एल1 के बारे में जानकारी दी थी. तब इसरो की तरफ से कहा गया था कि ये प्रक्षेपण के लिए तैयार हो रहा है. इस बीच, भारत ने बुधवार को इतिहास रच दिया. चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरा. भारत ये ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बन गया है.
यह भी पढ़ें: Chandrayaan-3 का UP से है खास लिंक, मिशन में देवरिया के अभिषेक ने निभाई अहम भूमिका