menu-icon
India Daily

'सीएम की कुर्सी के लिए सही व्यक्ति नहीं हिमंता सरमा', पाकिस्तानी लिंक के आरोपों पर गौरव गोगोई का पलटवार

गुवाहाटी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न साल 2013 में अपने काम के उद्देश्य से पाकिस्तान गई थीं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'सीएम की कुर्सी के लिए सही व्यक्ति नहीं हिमंता सरमा', पाकिस्तानी लिंक के आरोपों पर गौरव गोगोई का पलटवार
Courtesy: @shaheena451

असम में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा  ने असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के पाकिस्तान से संबंध होने के आरोप लगाए हैं. सोमवार को सरमा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि एसआईटी की रिपोर्ट छह महीनों तक सीएम के पास इसलिए पड़ी रही क्योंकि उनके पास कोई सबूत ही नहीं था.

गुवाहाटी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न साल 2013 में अपने काम के उद्देश्य से पाकिस्तान गई थीं. 10 दिन की इस यात्रा पर वह भी उनके साथ थे और इसके लिए उनसे कभी कोई सवाल नहीं किया गया.

गोगोई ने आगे कहा, 'वह इतना गिर गए कि उन्होंने मेरे बच्चों से संबंधित जानकारी सार्वजनिक कर दी. हम भी उनके बच्चों को जानते हैं. हर कोई जानता है लेकिन हम सार्वजनिक नहीं करना चाहते. उन्होंने साबित कर दिया है कि वह सीएम की कुर्सी के लिए सही व्यक्ति नहीं है. वो जो कह रहे हैं उसने असम को शर्मसार किया है. वे गलत सूचना क्यों फैला रहे हैं? सुप्रीम कोर्ट को इस मामले में स्वत: संज्ञान लेना चाहिए.' उन्होंने आगे कहा कि वह अपने बच्चों के खिलाफ सरमा के बयानों को लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगे.

एसआईटी रिपोर्ट जारी की जाए

गोगोई ने उन्हें निर्दोष साबित करने के लिए एसआईटी रिपोर्ट जारी करने की मांग की. गोगोई ने कहा, 'मैं शुरू से कहता आया हूं कि मैं एसआईटी की जांच के खिलाफ नहीं जाऊंगा. मैं चाहूंगा कि एसआईटी रिपोर्ट जारी की जाए.'

सीएम कोई चाणक्य नहीं

सरमा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय पर प्रतिक्रिया देते हुए गोगोई ने कहा, 'सरमा ने कल जो लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस की उसके पीछे मुख्य तथ्य कांग्रेस पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता है...अगर यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा होता तो वह पिछले छह महीनों से शांत क्यों बैठे हैं? कांग्रेस पार्टी के इस खुलासे के बाद कि सीएम के परिवार के पास 12,000 बीघा जमीन है, सीएम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने को मजबूर हुए.' गोगोई ने सरमा पर अपने सोशल मीडिया के माध्यम से मुसलमानों के खिलाफ नरसंहार भड़काने का भी आरोप लगाया. 

गौरतलब है कि रविवार को सरमान ने गोगोई पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ और पाकिस्तानी निवासी अली तौकीर शेख के बीच गहरे संबंध हैं. उन्होंने दावा किया कि इंटेलीजेंस ब्यूरो की खुफिया जानकारी पाकिस्तान को भेजी गई. सरमा ने आरोप लगाया कि गोगोई साल 2013 में एक बेहद गोपनीय यात्रा पर पाकिस्तान गए थे और माना जाता है कि उन्होंने वहां किसी प्रकार की ट्रेनिंग भी ली थी. उन्होंने कांग्रेस नेता को चुनौती दी कि या तो अपनी यात्रा के बारे में सफाई दें या राष्ट्रद्रोह के आरोपों को सामना करें.

सरमा ने आगे आरोप लगाया कि गोगोई की पत्नी ने भारत आने से पहले पाकिस्तान के एक संगठन लीड पाकिस्तान के साथ काम किया था जिसे शेख द्वारा संचालित किया जाता था और इसके लिए उन्हें शेख से सैलरी भी मिलती थी. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा कर उन्होंने विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम  (FCRA) नियमों का उल्लंघन किया है. उन्होंने कहा कि भारत में काम करने के बाद उन्होंने   सूचना एकत्र की और उसे शेख तक पहुंचाया. साथ ही उन्होंने कहा कि गोगोई ने अपने चुनावी हलफनामे में उनके पाकिस्तानी बैंक खाते के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी.

सम्बंधित खबर