menu-icon
India Daily

'मेरे दोस्त की फिल्म है', पुरानी दुश्मनी के बीच बदले सुर; सलमान की 'मातृभूमि' को लेकर बोले विवेक ने कही बड़ी बात

सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस बीच विवेक ओबेरॉय ने फिल्म का समर्थन करते हुए कहा कि भारतीय सेना की वीरता और साहस पर बनी फिल्मों को दर्शकों का प्यार मिलना चाहिए.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'मेरे दोस्त की फिल्म है', पुरानी दुश्मनी के बीच बदले सुर; सलमान की 'मातृभूमि' को लेकर बोले विवेक ने कही बड़ी बात
Courtesy: Pinterest

सलमान खान की अपकमिंग वॉर ड्रामा फिल्म 'मातृभूमि' रिलीज से पहले ही चर्चा में है. लंबे समय से अटकी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है. इस बीच अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने 'मातृभूमि' को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने सबका ध्यान खींचा है. उन्होंने फिल्म की तारीफ करते हुए इसे अपना समर्थन दिया और निर्देशक अपूर्व लाखिया को सफलता की शुभकामनाएं दीं.

विवेक ओबेरॉय ने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य, बहादुरी और साहस पर आधारित फिल्मों को दर्शकों का पूरा समर्थन मिलना चाहिए. उनके मुताबिक, जब कोई फिल्म देश की रक्षा करने वाले जवानों की वीरता और उनके बलिदान को दिखाती है, तो एक दर्शक के तौर पर हमें उसे आगे बढ़कर प्रोत्साहित करना चाहिए.

भारतीय सेना की वीरता पर क्या बोले विवेक ओबेरॉय?

विवेक ओबेरॉय का मानना है कि वर्दी पहनकर देश की सेवा करने वाले जवानों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना जगाने वाली फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और हिम्मत को पर्दे पर दिखाने वाली हर फिल्म को सफलता मिलनी चाहिए.

उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर प्रमोशन तेज हो गया है. फिल्म की कहानी और विषय को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है. विवेक के बयान को फिल्म के लिए एक सकारात्मक प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है.

निर्देशक अपूर्व लाखिया को बताया दोस्त

विवेक ओबेरॉय ने बातचीत के दौरान फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि अपूर्व उनके दोस्त हैं और दोनों पहले फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' में साथ काम कर चुके हैं. विवेक ने निर्देशक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें खूब सफलता दे और उनकी फिल्म लोगों को प्रेरित करे.

विवेक का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि सलमान खान और उनके बीच लंबे समय से पुराना विवाद जुड़ा रहा है. साल 2003 में ऐश्वर्या राय को लेकर दोनों अभिनेताओं के बीच तनाव की खबरें सामने आई थीं. उस दौरान विवेक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी, जिसके बाद यह मामला बॉलीवुड के सबसे चर्चित विवादों में शामिल हो गया था.

'मातृभूमि' में नजर आएंगे ये कलाकार

सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' में चित्रांगदा सिंह, मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, अभिलाष चौधरी, अभिश्री सेन, जेन शॉ, जावेद खान और विपिन भारद्वाज भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है. यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईठा' से होगा. अब देखना होगा कि दर्शकों के बीच दोनों फिल्मों को कैसा रिस्पॉन्स मिलता है.