menu-icon
India Daily

बायजू रविंद्रन को हुई 6 महीने की जेल, कोर्ट ने 67 लाख का जुर्माना भी ठोका, जानें पूरा मामला

उन्हें यह सजा कोर्ट की अवमानना मामले में सुनाई गई है. कोर्ट ने पाया कि रविंद्रन ने अपनी प्रॉपर्टी से जुड़े जरूरी कागजात छिपाए और अदालत के आदेश को नहीं माना.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
बायजू रविंद्रन को हुई 6 महीने की जेल, कोर्ट ने 67 लाख का जुर्माना भी ठोका, जानें पूरा मामला
Courtesy: x

भारत की पहली बड़ी एजुकेशन कंपनी 'बायजूस' के मालिक बायजू रविंद्रन को सिंगापुर की एक अदालत ने 6 महीने जेल की सजा सुनाई है. उन्हें यह सजा कोर्ट की अवमानना मामले में सुनाई गई है. कोर्ट ने पाया कि रविंद्रन ने अपनी प्रॉपर्टी से जुड़े जरूरी कागजात छिपाए और अदालत के आदेश को नहीं माना.

सिंगापुर कोर्ट के मुताबिक, रविंद्र अप्रैल 2024 से लगातार अपनी संपत्तियों से जुड़ी जानकारी देने के आदेशों को नजरअंदाज कर रहे थे. बार-बार अदालत की बात न मानने पर कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया और जेल भेजने का फैसला सुनाया. रविंद्र को तुरंत अधिकारियों के सामने सरेंडर करने को कहा गया है.

67 लाख का जुर्माना भी ठोका

कोर्ट ने 6 महीने की जेल के साथ रविंद्रन पर 67 लाख रुपए का जुर्माना भी ठोका है. उन्हें यह राशि कानूनी खर्च के तौर पर देनी होगी. यही नहीं रविंद्र को 'बीआर इन्वेस्टको पीटीआई'  की कानूनी मिल्कियत साबित करने वाले दस्तावेज भी कोर्ट में जमा कराने को कहा गया है. यह एक कॉरपोरेट एंटिटी है जिसके पास संबंधित कंपनी के शेयर्स हैं.  

कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी ने किया था केस

रवींद्रन के खिलाफ सिंगापुर की अदालत में यह मामला कतर के सॉवरेन वेल्थ फंड कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी (QIA) की एक सहायक कंपनी ने दर्ज कराया था. QIA ने बायजू में उस समय निवेश किया था जब कंपनी भारी वित्तीय संकट से जूझ रही थी और कर्मचारियों की छंटनी कर रही थी.

फिलहाल रवींद्रन ने इस सजा पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह इस समय सिंगापुर में हैं भी या नहीं. भारत में बायजू की मुश्किलें तब बढ़ी जब जुलाई 2024 में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) ने कंपनी के खिलाफ इंसॉल्वेंसी कार्यवाही शुरू की. कंपनी की खराब हालत का असर कर्मचारियों पर भी पड़ा. कई महीनों से कर्मचारियों की सैलरी अटकी हुई है और बड़े पैमाने पर छंटनी की गई है. कंपनी पर निवेशकों का भरोसा टूटने के बाद फोर्ब्स ने बायजू रविंद्र की नेटवर्थ को शून्य घोषित कर दिया है.