Telangana Assembly Elections: मेडक से सांसद और आगामी विधानसभा चुनाव में दुब्बाका से बीआरएस उम्मीदवार कोठा प्रभाकर रेड्डी पर सोमवार (30 अक्टूबर) को चाकू से हमला हुआ.
दौलताबाद मंडल के सुरमपल्ली गांव में उनके चुनाव प्रचार अभियान के दौरान एक अज्ञात शख्स ने उनके पेट में चाकू मार दिया. जब उनके समर्थकों को इसका पता चला तो वे फौरन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें हैदराबाद ट्रांसफर करने की तैयारी चल रही है.
इस बीच भीड़ ने हमलावर को पकड़ लिया और उसे बुरी तरह पीटा और अंत में पुलिस के हवाले कर दिया. हाईप्रोफाइल मामले देखते हुए पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. हमलावर ने कोठा प्रभाकर पर हमला क्यों किया पुलिस इसका पता लगाने में जुट गई है.
मामले की सूचना मिलने पर बीआरएस के नेताओं ने भी रेड्डी को फोन कर उनका हालचाल जाना. मंत्री टी हरीश राव ने भी उनसे फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.
बता दें कि कोठा प्रभावकर ने साल 2014 में तेलंगाना राष्ट्र समिति के उम्मीदवार के रूप में मेडक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी.
कोठा प्रभाकर रेड्डी का जन्म 6 जून 1966 को एक किसान परिवार में हुा था. साल 2014 में उन्होंने मेडक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से तेलंगाना राष्ट्र समिति के टिकट पर उपचुनाव लड़कर जीत हासिल की थी.
यह भी पढ़ें: Delhi Liquor Scam: शराब घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई, ED ने दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को भेजा नोटिस