menu-icon
India Daily

बीजेपी ने चुनावी राज्यों में बदली रणनीति, विनोद तावड़े को मिली UP की कमान; पंजाब में सतीश पुनिया पर जताया भरोसा

बीजेपी ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन में बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रभारियों की नियुक्ति की है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
बीजेपी ने चुनावी राज्यों में बदली रणनीति, विनोद तावड़े को मिली UP की कमान; पंजाब में सतीश पुनिया पर जताया भरोसा
Courtesy: ANI

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए संगठन में बड़ा बदलाव किया है. पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी अनुभवी नेताओं को सौंपी है. 

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित नई राष्ट्रीय टीम में कई नए चेहरों को शामिल किया गया है. माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने चुनावी राज्यों में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है.

विनोद तावड़े को यूपी की जिम्मेदारी

बीजेपी ने राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है. उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए बेहद अहम राज्य है और यहां का चुनावी प्रदर्शन राष्ट्रीय राजनीति पर भी असर डालता है. ऐसे में तावड़े को प्रदेश की जिम्मेदारी दिया जाना पार्टी की रणनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पंजाब में सतीश पुनिया संभालेंगे मोर्चा

पंजाब में बीजेपी ने राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद सतीश पुनिया को प्रभारी नियुक्त किया है. पंजाब में पार्टी के सामने संगठन का विस्तार करने और अपने चुनावी आधार को मजबूत करने की चुनौती है. नई जिम्मेदारी के साथ पुनिया पर राज्य में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की जिम्मेदारी भी होगी.

गुजरात की कमान तरुण चुग को मिली

गुजरात में बीजेपी ने राज्यसभा सांसद तरुण चुग को प्रभारी बनाया है. चुग पहले भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं. गुजरात लंबे समय से बीजेपी का मजबूत राजनीतिक गढ़ रहा है. ऐसे में आगामी चुनावों को देखते हुए पार्टी ने संगठन की कमान अनुभवी नेता को देकर अपनी तैयारियों को धार देने की कोशिश की है.

नई राष्ट्रीय टीम में कई बड़े नाम

नितिन नवीन के नेतृत्व में बनी नई राष्ट्रीय टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया गया है. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. वहीं पूर्व आरएसएस नेता राम माधव और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. संगठन महामंत्री बीएल संतोष अपने पद पर बने रहेंगे.