menu-icon
India Daily

पहाड़ों पर आफत की बारिश! पिथौरागढ़ से बागेश्वर तक सड़कें बंद, कई इलाकों का संपर्क टूटा

उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार बारिश से भूस्खलन और मलबे के कारण कई सड़कें बंद हैं. पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और उत्तरकाशी समेत कई क्षेत्रों में यातायात और पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
पहाड़ों पर आफत की बारिश! पिथौरागढ़ से बागेश्वर तक सड़कें बंद, कई इलाकों का संपर्क टूटा
Courtesy: Pinterest

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भारी वर्षा के बीच पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण कई राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं. पिथौरागढ़ में टनकपुर-तवाघाट मार्ग बाधित होने से वाहन फंसे हैं. बागेश्वर में नदियों में गाद आने से घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है. वहीं ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर भी यातायात ठप है और कई इलाकों का संपर्क प्रभावित हुआ है.

पिथौरागढ़ में हाईवे पर फंसे वाहन

पिथौरागढ़ में रात से जारी तेज बारिश के कारण टनकपुर-तवाघाट हाईवे बगड़ीहाट के पास बंद है. सड़क पर एंबुलेंस समेत कई वाहन फंसे हैं. मलबा हटाने का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है. धारचूला, बंगापानी और डीडीहाट के कई हिस्सों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित है. जिले में कुल 25 मोटर मार्ग बंद बताए गए हैं. मुनस्यारी में पेयजल आपूर्ति भी पूरी तरह रुक गई है.

बागेश्वर में पेयजल संकट गहराया

बागेश्वर में बारिश के कारण 21 सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं. सरयू और गोमती नदियों में बड़ी मात्रा में गाद आने से पानी की गुणवत्ता खराब हो गई है. कई इलाकों में नलों से गंदा पानी पहुंच रहा है. इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. जिले में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नैनीताल में भी एक दर्जन से ज्यादा सड़कें बंद हैं और झील का जलस्तर 87 फीट से ऊपर पहुंच गया है.

ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर यातायात ठप

ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कौड़ियाला और व्यासी के बीच पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण रास्ता बंद हो गया है. सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी हैं. कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग भी मलबे और पत्थरों के कारण प्रभावित है. आसपास के कई संपर्क मार्ग भी बंद हैं. लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोगों में चिंता बनी हुई है.

उत्तरकाशी में ग्रामीण सड़कें बाधित

उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर फिलहाल यातायात सुचारू है, लेकिन दस ग्रामीण मोटर मार्ग मलबे और बोल्डर के कारण बंद हैं. चारधाम यात्रा का तेखला-मनेरा-बड़ेथी बाइपास दूसरे दिन भी नहीं खुल सका. मनेरा-दिलसौड़ मार्ग भी भूस्खलन से बाधित है. जिला मुख्यालय और सभी तहसील क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं. लगातार बारिश के कारण प्रशासन और स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं.