IPL 2026

असम में बीजेपी ने किया 5 लाख करोड़ निवेश का बड़ा वादा, घोषणापत्र में किए गए ये बड़े ऐलान

बीजेपी ने असम चुनाव 2026 के लिए घोषणापत्र जारी कर पांच लाख करोड़ निवेश, दो लाख नौकरियां, बाढ़ नियंत्रण, महिलाओं को ज्यादा आर्थिक सहायता और भूमि सुरक्षा जैसे बड़े वादे किए हैं.

@SouleFacts x account
Km Jaya

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने घोषणापत्र में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पार्टी का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया था, जिसमें राज्य के विकास, रोजगार, बुनियादी ढांचे और भूमि सुरक्षा को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं.

बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में कुल 31 वादे शामिल किए हैं. सबसे बड़ा ऐलान असम को भारत का 'पूर्वी प्रवेश द्वार' बनाने के लिए पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का है. पार्टी का कहना है कि यह राशि सड़क, रेल, हवाई और जलमार्ग परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी ताकि राज्य में तेजी से विकास हो सके.

घोषणापत्र में और क्या है?

घोषणापत्र में असम के मूल निवासियों की जमीन, विरासत और सम्मान की रक्षा का वादा किया गया है. पार्टी ने कहा कि अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया तेज की जाएगी. इसके लिए आप्रवासी अधिनियम 1950 को प्रभावी तरीके से लागू करने की बात कही गई है.

बीजेपी ने समान नागरिक संहिता लागू करने का भी वादा किया है. हालांकि पार्टी ने साफ किया कि संविधान की छठी अनुसूची और जनजातीय क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाएगा.

क्या है ‘मिशन वसुंधरा’?

‘मिशन वसुंधरा’ के तहत अवैध कब्जों को हटाकर असली नागरिकों को भूमि अधिकार देने की बात कही गई है. साथ ही सत्रों, नामघरों, मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों की कब्जाई गई जमीन को मुक्त कराने का भी वादा किया गया है.

युवाओं के लिए क्या किया गया वादा?

पार्टी ने दो लाख सरकारी नौकरियां देने और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर पैदा करने का वादा किया है. महिला लाभार्थियों को 'अरुनोदोई' योजना के तहत मिलने वाली राशि को 1,250 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये करने की घोषणा भी की गई है.

बाढ़ की समस्या का कैसे होगा समाधान?

बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए 18,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ ‘बाढ़ मुक्त असम मिशन’ शुरू करने की बात कही गई है. स्वास्थ्य क्षेत्र में 50,000 करोड़ रुपये निवेश कर असम को उन्नत कैंसर उपचार का केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

शिक्षा के क्षेत्र में ‘एक जिला, एक विश्वविद्यालय’ योजना शुरू करने और हर जिले में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज की पहुंच बढ़ाने का वादा किया गया है. किसानों के लिए सालाना 11,000 रुपये की सहायता और कृषि ढांचे को मजबूत करने की योजना भी घोषणापत्र में शामिल है.

इस मौके पर निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि बीजेपी सरकार ने असम में पिछले वर्षों में बड़ा बदलाव किया है, जबकि कांग्रेस ऐसा लंबे समय तक नहीं कर पाई.