menu-icon
India Daily

बांग्लादेशी सांसद की बंगाल में हत्या; दो देशों के बीच की पुलिस आखिर कैसे कर रही मर्डर की जांच, क्या होता है प्रोटोकॉल?

Bangladeshi MP Murder Case: बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार की हत्या मामले की जांच बंगाल पुलिस कर रही है. बांग्लादेश पुलिस भी अपने स्तर से पड़ताल में जुटी है. आइए जानते हैं कि मर्डर केस की जांच कैसे आगे बढ़ रही है.

India Daily Live
बांग्लादेशी सांसद की बंगाल में हत्या; दो देशों के बीच की पुलिस आखिर कैसे कर रही मर्डर की जांच, क्या होता है प्रोटोकॉल?

Bangladeshi MP Murder Case: बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम 'अनार' की बंगाल में हत्या कर दी गई. सांसद बांग्लादेश के थे, लेकिन हत्या भारत के पश्चिम बंगाल में हुई. ऐसे में कई लोगों के सवाल हैं कि आखिर इस मर्डर केस की जांच कौन करेगा? क्या बांग्लादेश पुलिस हत्या की पड़ताल करेगी या फिर बंगाल पुलिस? आखिर मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाने के लिए दोनों देशों की पुलिस क्या कर रही है? कैसे इस हत्याकांड का पर्दाफाश हो पाएगा? आइए, इन सवालों के जवाब जानते हैं.

फिलहाल, बांग्लादेश के सांसद की हत्या मामले की जांच बंगाल और बांग्लादेश, दोनों जगहों की पुलिस कर रही है. दोनों जगहों की पुलिस अपने-अपने स्तर से मामले को सुलझाने में लगी है कि आखिर हत्या की वारदात को किसने अंजाम दिया, क्यों अंजाम दिया?

हत्याकांड की जांच में जुटी बंगाल सीआईडी

बांग्लादेश के सांसद की भारत में हत्या के बाद विदेश मंत्रालय की ओर से पश्चिम बंगाल की पुलिस को एक अनुरोध मिला था, जिसमें जांच की अपील की गई थी. फिलहाल, बांग्लादेशी सांसद की हत्या के बाद बंगाल पुलिस की ओर से एक स्पेशल इन्विस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है. वहीं, कोलकाता पुलिस की फोरेंसिक टीम ने भी गुरुवार को घटनास्थल से कुछ सबूत जुटाए हैं और उस दिशा में आगे काम कर रही है. 

पश्चिम बंगाल CID में IGP अखिलेश चतुर्वेदी ने बताया कि बांग्लादेशी सांसद की बेटी ने उनसे कॉन्टैक्ट करने की कोशिश की, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. फिलहाल, सीआईडी मामले की जांच कर रही है. इसमें सफलता भी मिली है. CID ने प्रोफेशनल कसाई जिहाद हवलदार को गिरफ्तार किया है. कहा जा रहा है कि बांग्लादेशी सांसद की हत्या मामले के मास्टरमाइंड अकतारुजमां ने जिहाद हवलदार को सुपारी दी थी और वारदात को अंजाम देने के लिए उसे मुंबई से पश्चिम बंगाल बुलाया था.

बांग्लादेश की पुलिस की भी जांच पड़ताल जारी

बंगाल सीआईडी के अलावा बांग्लादेश की पुलिस की भी जांच पड़ताल जारी है. बांग्लादेश के गृह मंत्री असदुज्जमां खान ने राजधानी ढाका में बताया था कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. तीनों ने हत्या की वारदात में शामिल होने की बात कबूली है और मास्टरमाइंड के बारे में भी खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि ये प्रीप्लांड मर्डर था. फिलहाल, सांसद के शव के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. उन्होंने ये भी कहा था कि मामले की पड़ताल में बंगाल पुलिस बराबर सहयोग कर रही है.

असदुज्जमां खान ने कहा था कि कोलकाता में एक घर में बांग्लादेश के सांसद की प्लांड तरीके से हत्या की गई थी. हत्या के पीछे के कारणों और दोषियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए भारत और बांग्लादेश की पुलिस साथ मिलकर काम कर रही है. उन्होंने कहा था कि हम मर्डर केस की तह तक पहुंचने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रॉटोकॉल का भी पालन कर रहे हैं.

12 मई को सांसद पहुंचे थे पश्चिम बंगाल

बांग्लादेश के सांसद अनवारुल अजीम अनार 12 मई को भारत के पश्चिम बंगाल पहुंचे थे. एक दिन बाद यानी 13 मई को दोपहर में उन्हें आखिरी बार देखा गया था. उत्तर कोलकाता के बारानगर निवासी और बांग्लादेशी राजनेता के परिचित गोपाल बिस्वास ने 18 मई को स्थानीय पुलिस में उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई.

बिस्वास ने कहा कि अजीम 13 मई की दोपहर को डॉक्टर से मिलने के लिए बारानगर स्थित अपने घर से निकले थे और कहा था कि वे डिनर के लिए घर वापस आएंगे. बिस्वास ने कहा कि उन्हें सांसद के फोन से एक व्हाट्सएप मैसेज मिला, जिसमें कहा गया था कि वे किसी जरूरी काम से दिल्ली जा रहे हैं और बिस्वास उन्हें फोन न करें. 15 मई की सुबह सांसद के फोन से मैसेज आया कि वे दिल्ली पहुंच गए हैं. बिस्वास ने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी सांसद से 17 मई को संपर्क नहीं हो पाया था, जिसके कारण उन्हें एक दिन बाद पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करानी पड़ी.